Breaking News

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 15 फरवरी 2026: पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री जसवीर सिंह गढ़ी ने आज श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर में माथा टेका और सर्वजन कल्याण की अरदास की। श्री गुरु रामदास साहिब जी के दरबार में नतमस्तक होने के बाद श्री गढ़ी ने कहा कि वे गुरु साहिब का कोटि-कोटि धन्यवाद करते हैं, जिनकी कृपा से उन्हें इस पावन स्थल के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर शिरोमिण गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने सूचना केंद्र में श्री गढ़ी को सम्मानित भी किया। इस मौके पर एस.डी.एम. लोपोके श्री खुशप्रीत सिंह तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
श्री दरबार साहिब के बाहर सूचना केंद्र के निकट पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री गढ़ी ने कहा कि गुरु साहिबानों द्वारा मानवता और सर्व-सांझीवालता का जो संदेश दिया गया है, उसे अपने व्यावहारिक जीवन में भी अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी जात-पात के आधार पर कुछ भेदभाव देखने को मिलता है, जो गुरु साहिबानों के सिद्धांतों के बिल्कुल विपरीत है।
उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में सेवा निभाते हुए वे समाज में हो रहे इस भेदभाव को और नज़दीक से महसूस कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उनके कार्यालय में जात-पात से संबंधित भेदभाव की 3750 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के महावाक्य “मानस की जात सबे एकै पहचानबो” पर चलते हुए आयोग द्वारा जातीय भेदभाव को समाप्त करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग अपने कर्तव्यों के पालन से कभी पीछे नहीं हटेगा।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में श्री गढ़ी ने कहा कि कुछ राजनीतिक नेताओं की सोच में अभी भी जातिवाद व्याप्त है, और यही कारण है कि वे समय-समय पर जातिवाद से संबंधित अनुचित टिप्पणियां कर देते हैं। श्री गढ़ी ने कहा कि उन्होंने आज वाहेगुरु से यह प्रार्थना भी की है कि सच्चे पातशाह ऐसे लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करें, जो समाज को जातियों में बांटने की राजनीति करते हैं।

Check Also

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने महाशिवरात्रि मौके सूबा और देश वासियों की तरक्की व खुशहाली के लिए की प्रार्थना

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 15 फरवरी 2026: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सैनानी एवं रक्षा सेवाएं …