‘साढ़े बुजुर्ग साढां मान’ के तहत जिला स्तरीय समागम, बुजुर्गों के लिए लगाया मैडीकल चेकअप कैंप

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 16 फरवरी 2026: पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्गों की भलाई के लिए शुरू की गई ‘साढ़े बुजुर्ग साढां मान’ अभियान के तहत जिला सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से स्थानीय रैड क्रॉस भवन में जिला स्तरीय समागम करवाया गया। इस समागम में उप मंडल मैजिस्ट्रेट आदमपुर अतिरिक्त चार्ज अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) विवेक कुमार मोदी ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
अपने संबोधन में एस.डी.एम. ने कहा कि बुजुर्ग हमारी कीमती संपदा हैं, जिनकी संभाल करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के इस प्रयास का उदेश्य बुजुर्गों को सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि आज के जिला स्तरीय समागम के दौरान बुजुर्गों को मैडीकल चेकअप, पेंशन फॉर्म, मुफ्त कानूनी सेवाएं, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता तथा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन की सुविधा एक ही छत के नीचे प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि ‘साढ़े बुजुर्ग साढां मान’ अभियान के तहत जिले भर में 16 मार्च 2026 तक विभिन्न स्थानों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने बुजुर्गों को इन कैंपों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही जिले के लोगों को अपने घरों और आस-पास रहने वाले बुजुर्गों को इन कैंपों में अधिक से अधिक संख्या में लेकर आने की अपील की ताकि वे इन सुविधाओं का पूरा लाभ ले सकें और स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन बिता सकें।
समागम के दौरान सी.जे.एम.-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी राहुल कुमार द्वारा बुजुर्गों के कानूनी अधिकारों और मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
लीड बैंक मैनेजर एम.एस. मोती ने डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए बुजुर्गों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
इस दौरान जहां गांव कराड़ी के 95 वर्षीय बुजुर्ग मुनशी राम द्वारा तुंबी के साथ प्रस्तुति दी गई वहीं एच.एम.वी. कॉलेज की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बुजुर्गों की समाज और हमारी जिंदगी में महत्व पर प्रकाश डाला। रैड क्रॉस स्कूल के विशेष जरूरत वाले बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रोग्राम पेश किया गया।
जिला स्तरीय कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा बुजुर्गों के बुढ़ापे से संबंधित बीमारियां, कानों, आंखों की जांच की गई और मुफ्त दवाइयां वितरित की गई। इसके साथ ही कैंप में बुढ़ापा पेंशन के फॉर्म भरे गए और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन भी किया गया। जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी द्वारा स्टॉल लगाकर मुफ्त कानूनी सेवाओं संबंधी जानकारी देने के अलावा सेल्फ हेल्प ग्रुपों द्वारा तैयार सामान के स्टॉल भी लगाए गए।
इससे पहले जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य का समागम में पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस मौके पर उनके साथ जिला प्रोग्राम अधिकारी मनजिंदर सिंह, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल भी मौजूद थे। मंच संचालन सहायक निदेशक युवक सेवाएं रवि दारा द्वारा किया गया।
इस मौके पर एडवोकेट मुस्कान शर्मा, सुपरिंटेंडेंट कंचन शर्मा, इंद्रजीत कौर, अशोक सहोता, विभिन्न एन.जी.ओ. के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या बुजुर्ग शामिल थे।

Check Also

ब्रह्मज्ञान से ही सच्ची प्रेमा भक्ति संभव: निरंकारी सतगुरु माता जी

संत निरंकारी मिशन का एक दिवसीय निरंकारी संत समागम बागपत में भव्य रूप से हुआ …