मान सरकार ने अब तक 71 हजार से अधिक युवाओं को मेरिट के आधार पर दिया रोजगार : हरभजन सिंह ईटीओ

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 20 नवंबर 2026: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने आज हलका जंडियाला गुरु में 17 आंगनवाड़ी हेल्परों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये नियुक्ति पत्र गांव नाजोआनी, मेहरबानपुर, तीरथपुर, राणा काला, रायपुर कलां, छापा राम सिंह, जानियां, चौहान, बालिया मंझपुर, धारड़, जंडियाला गुरु शहर, तारागढ़, तिमोवाल, गहरी मंडी और बंडाला से संबंधित नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को दिए गए।
इस अवसर पर नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने हर क्षेत्र में युवाओं को मेरिट के आधार पर बिना किसी सिफारिश या भेदभाव के सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
स. हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र गांवों और शहरी क्षेत्रों में बच्चों तथा महिलाओं के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्पर अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन और निष्ठा से निभाते हुए समाज तथा प्रदेश की तरक्की में अहम योगदान देंगी।
उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश सरकार द्वारा 71,700 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर रोजगार मुहैया करवाया जा चुका है। ये नौकरियां पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया और मेरिट के आधार पर दी गई हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने लोगों से किए चुनावी वादों को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी झूठे वादों के आधार पर नहीं, बल्कि अपने कामों के आधार पर लोगों के बीच जा रही है। लोगों को मुफ्त बिजली, खेतों के लिए नहरी पानी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और 71,700 से अधिक युवाओं को दिया गया रोजगार सरकार की पौने पांच साल की अथक मेहनत का परिणाम है।
इस अवसर पर सीडीपीओ श्रीमती जसप्रीत सिंह, चेयरमैन स. हरपाल सिंह और विभिन्न गांवों के सरपंच साहिबान भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र