भाजपा सरकार बनने पर पंजाबियों को दिया जाएगा नशामुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त व खुशहाल पंजाब: अश्वनी शर्मा

कल्याण केसरी न्यूज़ अमृतसर, 23 जनवरी ; भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में माधव विद्या निकेतन स्कूल में आयोजित भाजपा पंजाब की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी आज संपन्न हो गई। कार्यकारिणी का शुभारम्भ भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा पंजाब के प्रभारी विजय रूपाणी, सह प्रभारी डॉ.नरेंदर सिंह रैना तथा संगठन महामंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मंच पर सुनील जाखड़, मनोरंजन कालिया, केवल सिंह ढिल्लों, ब्रिज लाल रिनवा, तीक्ष्ण सूद, जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू आदि उपस्थित थे। मंच की कार्यवाही का संचालन भाजपा प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता द्वारा किया गया। बैठक के आरम्भ में पंजाब के गणमान्य व अन्य बिछड़ी हुई आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

कार्यकारिणी की शुरुआत में जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने आए हुए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके उपरंत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अध्यक्षीय भाषण दिया तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल 2024 तक बढ़ाए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए केन्द्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया। शर्मा ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पंजाब से कार्यकारिणी सदस्यों को शामिल किए जाने पर राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विश्व की समस्त नानक नाम लेवा संगत ने श्री करतारपुर साहिब का लांघा खुलवाने के लिए दशकों तक इंतजार किया और उनकी यह इच्छा प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी ने पूरी की और इसके लिए समस्त संगत को नरेंदर भाई मोदी का प्रधानमंत्री बनने तक इंतज़ार करना पड़ा।अश्वनी शर्मा ने उपस्थित पदाधिकारियों को अपने संबोधन में कहा कि पंजाब तथा पंजाब की जनता को पंजाब की मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार सहित किसी भी अन्य विपक्षी पार्टी ने घोषणाओं के सिवा कभी कुछ नहीं दिया और पंजाब की जनता के साथ किए वादे कभी पूरे नहीं किए। आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब की जनता का शोषण करने तथा लोकतंत्र को कुचलने का कार्य कर रही है। भगवंत मान सरकार ने पंजाब में आज अराजकता का माहौल बना दिया है। यह बहुत संवेदनहीन सरकार है, जिसे राज्य की जनता और उसकी भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। भगवंत मान सरकार द्वारा आज तक किसान संगठनों व अन्य संगठनों की जो मांगें मानने का एलान किया गया, उसके लिए किसी का कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, जिसके चलते आज किसान संगठन व अन्य संगठन भगवंत मान सरकार के विरुद्ध सडकों पर पक्के धरने लगाए बैठे हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि भगवंत मान सरकार के कुशासन से त्राहि-त्राहि कर उठी पंजाब की जनता को अब यह स्पष्ट हो चुका है कि अगर राज्य या उनका कोई सर्वपक्षीय विकास कर सकता है तो वह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही है। शर्मा ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब को नशा-मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा तथा पंजाब को तोड़ने तथा देश विरोधी ताकतों को उनके नापाक मंसूबों में भाजपा कभी कामयाब नहीं होने देगी। शर्मा ने सभी को जल्द से जल्द संगठनात्मक ढांचे को पूरा कर उसे और मजबूती करने का मंत्र दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ का कार्यकारिणी बैठक के तीसरे सत्र में पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस मौके पर तरुण चुघ ने उपस्थित पदाधिकारियों को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने अपने संबोधन में कहा कि जी-20 की अध्यक्षता मिलना भारतीय लोगों के लिए बहुत सम्मान की बात है। इससे भारत की अर्थ-व्यवस्था मजबूत होगी और भारत में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। संगठन के मुख्यमंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू ने उपस्थित पदाधिकारियों को संगठन के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। समारोह के अंत में, विजय रुपाणी ने अपने विशेष संबोधन में सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को स्थानीय व लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव मैदान में डट जाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अमनजोत कौर रामूवालिया, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, राजेश बागा, बिक्रमजीत सिंह चीमा, मोना जैसवाल, गुरप्रीत सिंह काँगड़ आदि उपस्थित थे।

Check Also

सरकारी सेवाओं का निष्पादन समय पर नहीं करने वाले कर्मियों की जवाबदेही उपायुक्त द्वारा निर्धारित की जायेगी

कल्याण केसरी न्यूज़ अमृतसर, 9 सितंबर 2024–डिप्टी कमिश्नर घनशाम थोरी ने जिले के विभिन्न विभागों के …