Breaking News

डिप्टी कमिश्नर व नगर निगम कमिश्नर ने भगतांवाला डंप का किया दौरा, कंपनी को काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 19 नवंबर 2024:  शहर में साफ-सफाई की लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए आज डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी और नगर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह ने अन्य नगर निगम अधिकारियों के साथ भगतांवाला डंप का दौरा किया। उन्होंने कंपनी में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और ढीले कार्य पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कंपनी के अधिकारियों से उक्त लापरवाही पर एक दिन के अंदर जवाब देने को कहा।

डिप्टी कमिश्नर ने अवर्धा कंपनी द्वारा किये जा रहे कार्य पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कंपनी के अधिकारियों को एक दिन के अंदर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया कि डंप पर चल रहे कार्य में इतनी देरी क्यों हो रही है। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि बायोरेमेडिएशन के कार्य में तेजी लायें तथा गीले एवं सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण सुनिश्चित करें। उन्होंने कंपनी को डंप स्थल पर और मशीनरी लगाने का निर्देश दिया, ताकि कूड़े की समस्या से निजात मिल सके। इस मौके पर नगर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह ने कहा कि कंपनी से शहर की सफाई के लिए अधिक मशीनें और अधिक वाहन मंगाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी को कहा गया है कि शहर से कचरा उठाने में तेजी लाई जाये और कहीं भी कचरे का ढेर नहीं दिखना चाहिए तथा प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इस अवसर पर नगर निगम डॉ. किरण कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Check Also

प्रेम सादगी और एकत्व की दिव्य भावना से सुशोभित हुईं निरंकारी सामूहिक सादा शादियाँ, 126 नवयुगल परिणय सूत्र में बंधे

आपसी प्रेम और समर्पण से वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाये:-निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज …