कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 31 जुलाई 2025: शहर को कूड़े की समस्या से निजात दिलाने के लिए जहां एक ओर नगर निगम की टीमें पहले से काम कर रही हैं, वहीं अब डिप्टी कमिश्नर अमृतसर और नगर निगम द्वारा गठित रैपिड रिस्पॉन्स टीमों ने भी काम शुरू कर दिया है। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों से तुरंत कूड़ा हटाना है। जानकारी के अनुसार, जब तक शहर से कूड़ा उठाने के लिए जारी किया गया नया टेंडर लागू नहीं होता, तब तक ये टीमें काम करती रहेंगी। इस कार्य में कार सेवा बाबा भूरी वाले और डेरा ब्यास द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, टिपर और अन्य मशीनरी का सहयोग दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर श्रीमती साक्षी साहनी ने बताया कि जब तक नया टेंडर प्रभाव में नहीं आता और उसके अनुसार काम शुरू नहीं होता, तब तक इन धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से रैपिड एक्शन टीमें बनाकर शहर को कूड़ा मुक्त करने का कार्य किया जाएगा।
नगर निगम कमिश्नर श्री गुलप्रीत सिंह औलख ने बताया कि उक्त संस्थाओं के सहयोग से नगर निगम ने अपने कर्मचारियों की तैनाती कर दी है और इन टीमों ने शहर में कूड़ा उठाने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि रैपिड रिस्पॉन्स टीमों के नोडल अधिकारी के रूप में अतिरिक्त कमिश्नर श्री सुरिंदर सिंह और निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर किरण को नियुक्त किया गया है, जो अपना रूट तय करके शहर से कूड़ा उठवाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से शहर से कूड़ा उठाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
Check Also
हमारी सरकार की नीयत साफ है, हम जनता का पैसा जनता को ही लौटा रहे हैं: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
पहले केवल अमीरों के बच्चे डॉक्टर-इंजीनियर बनते थे, अब गरीब परिवारों के बच्चे भी बन …
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र