पुलिस कमिश्नर द्वारा नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति अभियान में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 26 फरवरी 2026: पुलिस कमिश्नर अमृतसर श्री गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आज अपने कार्यालय में पुलिस अधिकारियों और नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवकों के साथ एक विशेष बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस कमिश्नर श्री गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पुलिस विभाग नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए वचनबद्ध है और ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों द्वारा नशे की बिक्री से बनाई गई अवैध संपत्तियों को पुलिस विभाग द्वारा सील किया गया है और बड़ी संख्या में नशा तस्करों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया गया है।
पुलिस कमिश्नर श्री गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जहां पुलिस विभाग नशा तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रहा है, वहीं नशे की दलदल में फंसे युवाओं को बाहर निकालने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे से पीड़ित युवाओं को प्रेरित कर सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए भर्ती कराया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। बैठक के दौरान उन्होंने नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवकों से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाते हुए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक और संगठित करें।
बैठक के दौरान नशा मुक्ति मोर्चा के जिला प्रधान श्री दीक्षांत धवन ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के दूसरे चरण के तहत हर गांव और शहर में पदयात्राएं निकालकर नशे रूपी कोढ़ के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ‘पिंडों के पहरेदार’ के नाम से यह अभियान शुरू किया गया है, जिसके अंतर्गत एक फोन नंबर 98991-00002 जारी किया गया है, जिस पर लोग मिस्ड कॉल देकर गांव के पहरेदार के रूप में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। श्री धवन ने कहा कि सरकार द्वारा लॉन्च किए गए ऐप के माध्यम से लोग अपने क्षेत्र में नशा तस्करों की जानकारी भी साझा कर सकते हैं और इस जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति मोर्चा के सदस्य लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि पंजाब की युवा पीढ़ी को बचाया जा सके।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र