यूएई में फंसे पंजाबियों की घर वापसी के लिए सांसद औजला ने कमान संभाली,

नागरिक उड्डयन मंत्री से अमृतसर के लिए विशेष सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 03 मार्च 2026: अमृतसर से लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों, विशेषकर पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद औजला ने मंत्री का ध्यान शारजाह, दुबई और अबू धाबी में फंसे यात्रियों की गंभीर स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए अमृतसर के लिए विशेष सीधी राहत उड़ानें संचालित करने का आग्रह किया।
सांसद औजला ने पत्र में उल्लेख किया कि उन्हें प्रभावित परिवारों से कई आवेदन मिले हैं, जिनमें फंसे हुए प्रियजनों की सुरक्षा और वापसी के लिए गुहार लगाई गई है। फंसे हुए लोगों में बुजुर्ग, महिलाएं, छोटे बच्चे, पर्यटक और पश्चिमी देशों से लौट रहे वे ट्रांजिट यात्री शामिल हैं जो वर्तमान अनिश्चितता के कारण अपने घरों तक नहीं पहुँच पा रहे हैं। ये लोग न केवल वित्तीय कठिनाइयों और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से जूझ रहे हैं, बल्कि इस अनिश्चितता के कारण भारी मानसिक तनाव में भी हैं।
एयर इंडिया और इंडिगो से सीधी उड़ानों का सुझाव
सांसद ने सुझाव दिया कि एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो जैसी भारतीय एयरलाइनों को श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमृतसर के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि जैसे एतिहाद, एमिरेट्स और फ्लाईदुबई जैसी एयरलाइंस विशेष व्यवस्था कर रही हैं, वैसी ही पहल भारतीय वाहकों द्वारा भी की जानी चाहिए।
सांसद औजला ने जोर देकर कहा कि अमृतसर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय द्वार है। उन्होंने मंत्रालय से आग्रह किया कि यूएई के विमानन अधिकारियों के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द इन उड़ानों को क्रियान्वित किया जाए ताकि लोकहित के इस गंभीर मामले का समाधान हो सके।

Check Also

डिप्टी कमिश्नर ने विशेष ज़रूरत वाले बच्चों के साथ होली मनाई

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 03 मार्च 2026: डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने आज स्थानीय …