सरकारी और निजी अस्पतालों में लापरवाही पर लगेगी रोक, मरीजों को मिलेगा न्याय: जसकरन सिंह बंदेशा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 04 मार्च 2026: पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन जसकरन सिंह बंदेशा ने पंजाब सरकार द्वारा सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों के साथ होने वाली लापरवाही और अनदेखी को रोकने के लिए जारी नए नोटिफिकेशन का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और मरीजों को न्याय मिलना सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कई जनहितैषी कदम उठाए हैं। हर परिवार को 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने से आम लोगों को इलाज संबंधी बड़ी राहत मिली है। अब कोई भी नागरिक सरकारी या निजी अस्पताल में आर्थिक बोझ के बिना इलाज करवा सकेगा।
चेयरमैन बंदेशा ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार हर जिले में “डिस्ट्रिक्ट मेडिकल बोर्ड फॉर नेग्लिजेंस” का गठन किया गया है। यह बोर्ड सरकारी और निजी डॉक्टरों या अस्पतालों के खिलाफ आने वाली मेडिकल लापरवाही की शिकायतों की निष्पक्ष जांच करेगा। बोर्ड में सिविल सर्जन चेयरमैन होगा, जबकि मेडिकल सुपरिंटेंडेंट या प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेगा। इसके अलावा विशेषज्ञ डॉक्टरों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधि को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से अस्पतालों की जवाबदेही बढ़ेगी और मरीजों के साथ होने वाली किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पिछले समय में जिन लोगों को न्याय नहीं मिल पाया, उनके लिए भी यह कदम उम्मीद की किरण साबित होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अब मरीजों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Check Also

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु के निवासियों के साथ खेली होली

होली का त्योहार केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक: …