अमृतसर में नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई, फतेह सिंह कॉलोनी में तस्कर की अवैध सम्पत्ति को गिराया गया

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 मार्च 2026: पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत जिला प्रशासन अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेह सिंह कॉलोनी, 88 फुट रोड स्थित एक कुख्यात नशा तस्कर की अवैध रूप से बनाई गई संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस स्टेशन सदर के अधिकार क्षेत्र में स्थित यह अवैध संपत्ति ईशू पुत्र अमरनाथ, निवासी गली नंबर 11, फतेह सिंह कॉलोनी, 88 फुट रोड, अमृतसर की बताई गई है। ईशू और उसका भाई प्रिंस दोनों नशा तस्करी से जुड़े मामलों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
ईशू (उम्र 25 वर्ष) के खिलाफ कुल चार मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं। उसके खिलाफ 22 अप्रैल 2025 को धारा 21-बी, 27-ए एनडीपीएस एक्ट तथा बीएनएस की धाराओं के तहत थाना सदर अमृतसर में मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा 25 सितंबर 2024 को एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज हुआ। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ चोरी और लूट से संबंधित दो मामले भी दर्ज किए गए थे।
वहीं उसके भाई प्रिंस पुत्र अमरनाथ के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 16 अक्टूबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-बी, 27-ए और 29 के तहत थाना सदर अमृतसर में मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2021 में बटाला के थाना घुम्मण में अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ था।
आज की कार्रवाई के दौरान नगर निगम अमृतसर की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में फतेह सिंह कॉलोनी स्थित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने और इसमें शामिल अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसी कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि नशे के पैसे से बनाई गई संपत्तियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को एंटी-ड्रग हेल्पलाइन 97791-00200 पर साझा करें। दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा गैंगस्टर गतिविधियों से संबंधित सूचना एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 (कॉल/व्हाट्सएप) पर भी दी जा सकती है। पुलिस ने बताया कि उपयोगी सूचना देने वालों को 10 लाख रुपये तक का इनाम भी दिया जा सकता है।
“युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत 1 मार्च 2025 से 6 मार्च 2026 तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत तेज कार्रवाई की गई। इस दौरान 1825 मामले दर्ज कर 3238 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 274.906 किलोग्राम हेरोइन, 31.876 किलोग्राम अफीम, 6.394 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (आइस ड्रग), 9 किलोग्राम गांजा, 15.885 किलोग्राम चरस, 0.112 किलोग्राम कोकीन और 325.492 किलोग्राम नशीला पाउडर बरामद किया। इसके अलावा 1550 इंजेक्शन और 1,96,880 नशीले कैप्सूल/गोलियां भी बरामद की गईं।
पुलिस ने 3 करोड़ 10 लाख 68 हजार 125 रुपये की ड्रग मनी और नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 133 वाहनों को भी जब्त किया है, जिनमें 36 चार पहिया, 3 तीन पहिया और 94 दो पहिया वाहन शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत जिले भर में नशा तस्करी और इसके दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Check Also

युद्ध नशे विरुद्ध’ अधीन दौड़दा पंजाब-2′ रविवार को

डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों को हाफ मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का किया आह्वान …