मौलीजागरा में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान, स्थानीय लोगों ने दिया अपना सहयोग


कल्याण केसरी न्यूज़, मनीमाजरा, 15 सितंबर 2026: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को तेज करते हुए मौलीजागरा थाना पुलिस ने रविवार को मौली कॉम्प्लेक्स पार्क में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी मोहित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों के जवान भी शामिल हुए। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के साथ-साथ लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ पुलिस का साथ देते हुए अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। यदि किसी व्यक्ति के नशे की खरीद-फरोख्त या सेवन से जुड़े होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पुलिस की मुहिम को अपना समर्थन दिया। लोगों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ मिलकर सहयोग किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वालों और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस के साथ मिलकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाएं।

Check Also

‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नगर निगम जालंधर और कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

विक्रमजीत विक्की के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 15 सितंबर 2026: …