गिरफ्तार किए गए मुलजिम विदेश बैठे हैंडलर के संपर्क में थे: डीजीपी गौरव यादव
ये हथियार आगे अपराधी तत्वों को सप्लाई किए जाने थे: सीपी अमृतसर हरमनबीर गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 26 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नाबालिगों सहित चार व्यक्तियों को 16 अति-आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करके दो अलग-अलग अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की पहचान अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19) निवासी गांव नौशहरा ढाला, तरन तारन, हरदीप सिंह उर्फ शिव (18) निवासी गांव चेला, तरन तारन और दो नाबालिगों के रूप में हुई है।
बरामद किए गए 16 पिस्तौलों में तीन 9एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल (चीन का बना), एक .30 बोर एक्स-शॉट पिस्तौल, एक .30 बोर पी.एक्स.-5 स्टॉर्म पिस्तौल, नौ .30 बोर पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल है। इसके साथ ही 7 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने एक होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि मुलजिम विदेश बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप भेजने में मदद करता था। ये हथियार एक संगठित नेटवर्क के जरिए आगे अपराधी तत्वों को सप्लाई किए जा रहे थे।
डीजीपी ने कहा कि समूचे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पहले ऑपरेशन के विवरण साझा करते हुए कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि हथियार सप्लाई के बारे में मिली पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने थाना कैंट के अधिकार क्षेत्र में एक्टिवा स्कूटर पर जा रहे एक नाबालिग को रोका और उसके कब्जे से छह पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए।
दूसरे ऑपरेशन में, सीपी ने बताया कि थाना गेट हकीमा की पुलिस टीमों ने अनमोल सिंह उर्फ मोहला को उसके नाबालिग साथी सहित गिरफ्तार करके उनके कब्जे से .30 बोर की पांच पिस्तौल बरामद कीं। इसके बाद की गई जांच और दोनों के खुलासों के आधार पर पुलिस ने उनके एक और साथी हरदीप उर्फ शिव को पांच और पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया, जिससे इस ऑपरेशन में बरामद किए गए पिस्तौलों की संख्या 10 हो गई।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं – पहला मामला आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत दिनांक 17.10.2026 को एफ.आई.आर. नंबर 196 अंतर्गत पुलिस थाना कैंट में और दूसरा मामला आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(6), 25(7) और 25(8) के तहत दिनांक 21.10.2026 को एफ.आई.आर. नंबर 315 अंतर्गत पुलिस थाना गेट हकीमा में दर्ज किया गया है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र