इलाकावासियों से ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 29 अक्टूबर 2026: एसडीएम अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया ने बीती शाम पुलिस अधिकारियों के साथ नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्र मकबूलपुरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इलाके के निवासियों से बातचीत की और पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशे के खात्मे के लिए सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर श्रीमती अलका कालिया ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है और इसे समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नशे की लत में फंसे युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने इलाकावासियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत का शिकार है, तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए और इलाज के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सहायता की जाए।
उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि यदि उनके इलाके में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री करता है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस विभाग के अधिकारियों को दी जाए, ताकि ऐसे गैर-कानूनी कार्यों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।
श्रीमती अलका कालिया ने कहा कि आम जनता के सामूहिक प्रयासों और प्रशासन के सहयोग से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र