युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में करवाए जा रहे हैं खेल मुकाबले, ग्वाल मंडी में छोटे बच्चों का कबड्डी शो मैच करवाया

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 03 नवंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिला अमृतसर के ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नशों के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल गतिविधियां करवाई जा रही हैं। इस अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित किए गए 56 गांवों और शहरी क्षेत्रों में खेल विभाग की ओर से खेल मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन के सहयोग से 27 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सप्ताह दो गांवों और क्षेत्रों में विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इसी कड़ी के तहत छेहरटा के ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्र ग्वाल मंडी में छोटे बच्चों का कबड्डी शो मैच करवाया गया। इस अवसर पर डी.एस.पी. छेहरटा श्री इंद्रजीत सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की और बच्चों को खेलों से जुड़े रहने तथा नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने खिलाड़ियों और मैच देखने आए दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के साथ-साथ उन्हें नशों जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर खेल विभाग की ओर से श्री जसप्रीत सिंह, फिजिकल ट्रेनर तथा श्री मनजीत सिंह, फुटबॉल कोच भी उपस्थित थे।

Check Also

एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी छठी बार सर्वसम्मति से बने शिरोमणि कमेटी के प्रधान

स. रघुजीत सिंह विरक वरिष्ठ उपप्रधान, स. गुरबख्श सिंह खालसा जूनियर उपप्रधान और स. गुरप्रीत …