लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने युवाओं को नशों से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का किया आह्वान
विभिन्न स्कूलों, खेल विभाग और युवा सेवाएं विभाग के लगभग 700 खिलाड़ियों ने लिया मैराथन में हिस्सा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 6 नवंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे तथा युवाओं को नशों से दूर रखकर खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा आज सुबह विशेष मैराथन का आयोजन किया गया।
यह मैराथन सुबह 8 बजे गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर से शुरू हुई, जो नॉवेल्टी चौक, नरूला पैलेस लाइट, टेलर रोड और अलेक्जेंड्रा स्कूल से होते हुए वापस गुरु नानक स्टेडियम के एथलेटिक ट्रैक पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस मैराथन को पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, जिला खेल अधिकारी श्री गुरमीत सिंह, जिला रेडक्रॉस सोसायटी अमृतसर के सचिव श्री सैमसन मसीह सहित अन्य अधिकारी और खेल विभाग के कोच भी उपस्थित थे।
इस मैराथन में विभिन्न स्कूलों, खेल विभाग और युवा सेवाएं विभाग के लगभग 700 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन के लड़कों के वर्ग में बलबीर कुमार ने पहला स्थान हासिल कर 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्राप्त किया। जस्करणजीत सिंह ने दूसरा स्थान हासिल कर 700 रुपये तथा गुरकृपाल सिंह बल्ल ने तीसरा स्थान हासिल कर 500 रुपये का नकद पुरस्कार प्राप्त किया।

इसी प्रकार लड़कियों के वर्ग में रावी बावजा ने पहला स्थान हासिल कर 1,000 रुपये, सुखमन ने दूसरा स्थान हासिल कर 700 रुपये तथा जसप्रीत कौर ने तीसरा स्थान हासिल कर 500 रुपये का नकद पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त दोनों वर्गों में प्रथम दस स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को जिला प्रशासन द्वारा पदक देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने युवाओं से अपील की कि वे नशों से दूर रहकर खेलों से जुड़ें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत राज्य से नशों के पूर्ण खात्मे के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता से प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य भर में 3,000 से अधिक खेल मैदान और खेल स्टेडियम भी बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर उन्हें नशों की बुराई से बचाना है।
मैराथन के सफल आयोजन में खेल विभाग के सभी कोचों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा मैराथन में भाग लेने वाले सभी धावकों के लिए रिफ्रेशमेंट का विशेष प्रबंध भी किया गया।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र