नशों के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए 13 नवंबर को अमृतसर में निकाली जाएगी विशाल बाइक रैली

करीब 1200 बाइकर्स लेंगे हिस्सा, दशहरा ग्राउंड रणजीत एवेन्यू से दिखाई जाएगी रैली को हरी झंडी
कैबिनेट मंत्री एवं विधायक विशेष तौर पर पहुंचकर करेंगे रैली का शुभारंभ

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 11 नवंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत 13 नवंबर को अमृतसर में ‘पंजाब अगेंस्ट ड्रग्स’ बैनर तले एक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें लगभग 1200 बाइकर्स भाग लेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को लामबंद करना है।
उन्होंने बताया कि रैली से पहले सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक जिले के नशों के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद इन क्षेत्रों से सभी बाइकर्स दोपहर 12:00 बजे अमृतसर के दशहरा ग्राउंड में पहुंचेंगे, जहां से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाइक रैली को रवाना करने के लिए राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं विधायक विशेष तौर पर पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि बाइक रैली को दशहरा ग्राउंड, रणजीत एवेन्यू, अमृतसर से रवाना किया जाएगा। यह रैली रणजीत एवेन्यू दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर ट्रिलियम मॉल, मजीठा रोड, संत सिंह सुखा सिंह चौक, नॉवेल्टी चौक, क्रिस्टल चौक, भंडारी पुल, अल्फा वन और तारांवाला पुल से यू-टर्न लेते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अल्बर्ट रोड और कचहरी चौक से होती हुई वापस दशहरा ग्राउंड पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे इस बाइक रैली में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशों के खिलाफ चलाई जा रही जागरूकता मुहिम का हिस्सा बनकर समाज को नशा मुक्त बनाने में अपना योगदान दें।

Check Also

एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी छठी बार सर्वसम्मति से बने शिरोमणि कमेटी के प्रधान

स. रघुजीत सिंह विरक वरिष्ठ उपप्रधान, स. गुरबख्श सिंह खालसा जूनियर उपप्रधान और स. गुरप्रीत …