‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को निर्णायक चरण में पहुंचाने के लिए गुरु नगरी अमृतसर में निकाली गई विशाल बाइक रैली

1,000 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा, नशों के खात्मे के लिए लोगों को एकजुट होने का दिया संदेश
नशों को जड़ से खत्म करने के लिए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ को और बड़ा जन आंदोलन बनाएंगे: लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ.
युवा नशे छोड़कर पढ़ाई और खेलों से जुड़ें: विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर
बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से मुहिम को मिली बड़ी सफलता: विधायक जसविंदर सिंह रमदास

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को निर्णायक चरण में पहुंचाते हुए आज गुरु नगरी अमृतसर में एक विशाल बाइक रैली निकाली गई। रणजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई इस रैली में 1,000 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशों के पूर्ण खात्मे का संकल्प लिया।
यह रैली दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर ट्रिलियम मॉल, मजीठा रोड, संत सिंह सुखा सिंह चौक, नॉवेल्टी चौक, क्रिस्टल चौक, भंडारी पुल, अल्फा वन और तारांवाला पुल से यू-टर्न लेते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रियाल्टो चौक और कचहरी चौक से गुजरते हुए वापस दशहरा ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली को संबोधित करते हुए पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब में किसी भी कीमत पर नशों का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशों की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को और बड़े जन आंदोलन में तब्दील किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और राज्य की खोई हुई शान को बहाल करने के लिए प्रत्येक पंजाबी को नशों के खिलाफ इस निर्णायक लड़ाई में बढ़-चढ़कर योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुहिम की सफलता केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
विधानसभा हलका अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने युवाओं से नशों से दूर रहकर पढ़ाई और खेलों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं पवित्र शहर अमृतसर से निकाली गई यह बाइक रैली ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के निर्णायक चरण की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपना योगदान देना चाहिए। यह लड़ाई केवल नशा तस्करों के खिलाफ नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी के जीवन, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए है।
विधायक अटारी स. जसविंदर सिंह रमदास ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के साथ बड़ी संख्या में युवाओं के जुड़ने से इसे बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इस बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य गांवों और शहरों में नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाना तथा नशों से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार करवाने के लिए प्रेरित करना है।
नशा मुक्ति मोर्चा के माझा जोन के इंचार्ज श्री दीक्षित धवन ने कहा कि रैली में शामिल बाइकर्स इस मुहिम के एंबेसडर हैं, जो इस नेक प्रयास के माध्यम से समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली आम लोगों तक नशों के खिलाफ मजबूत संदेश पहुंचाने के साथ-साथ जनभागीदारी को और मजबूत करेगी तथा जमीनी स्तर पर जागरूकता पैदा करेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दें।
इस अवसर पर नगर निगम अमृतसर के मेयर स. जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने बताया कि सीमा पार से नशों की तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोनों का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी को रोकने और पंजाब के युवाओं को इस गंभीर समस्या से बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पलवी मिश्रा, एस.डी.एम. अमृतसर-2 स. गुरमंदर सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री आशीष इंदर सिंह, नशा मुक्ति मोर्चा के माझा जोन के इंचार्ज श्री दीक्षित धवन के अलावा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

Check Also

एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी छठी बार सर्वसम्मति से बने शिरोमणि कमेटी के प्रधान

स. रघुजीत सिंह विरक वरिष्ठ उपप्रधान, स. गुरबख्श सिंह खालसा जूनियर उपप्रधान और स. गुरप्रीत …