धर्मपाल शर्मा बने पंजाब भाजपा ट्रेड आईटी सेल के को-कन्वीनर, पार्टी नेतृत्व ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता का मिला सम्मान, पूर्व सांसद श्वेत मलिक व राजिंदर सिंह मरवाहा ने सौंपा नियुक्ति पत्र

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 18 नवंबर 2026: आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी नेतृत्व ने अमृतसर के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता धर्मपाल शर्मा (उर्फ चाचा) को पंजाब भाजपा ट्रेड आईटी सेल का को-कन्वीनर नियुक्त किया है।
पार्टी सूत्रों और स्थानीय नेतृत्व के अनुसार, धर्मपाल शर्मा लंबे समय से संगठन के एक अनुशासित सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं। पार्टी हित में किए गए उनके कार्यों, संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद श्वेत मलिक और भाजपा पंजाब ट्रेड सेल के कन्वीनर स. राजिंदर सिंह मरवाहा ने धर्मपाल शर्मा को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में गौतम अरोड़ा और वरुण पुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवनियुक्त को-कन्वीनर को बधाई देते हुए पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रधान स. केवल सिंह ढिल्लों, संगठन महामंत्री मंथी श्रीनिवासलु, पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, पूर्व सांसद श्वेत मलिक और जिला प्रधान सलिल कपूर ने संयुक्त रूप से कहा कि धर्मपाल शर्मा जैसे अनुभवी और मेहनती कार्यकर्ता की नियुक्ति से प्रदेश में पार्टी का आईटी और ट्रेड सेल और अधिक सशक्त होगा। नेताओं ने विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी लगन से करेंगे और आगामी चुनावों में पार्टी की मजबूती के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।


पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाना पहली प्राथमिकता: धर्मपाल शर्मा
अपनी नियुक्ति पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए धर्मपाल शर्मा ने कहा, “पार्टी हाईकमान ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं।” उन्होंने पंजाब भाजपा नेतृत्व, पूर्व सांसद श्वेत मलिक और स. राजिंदर सिंह मरवाहा का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे और आईटी सेल के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
धर्मपाल शर्मा की इस नियुक्ति से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

Check Also

जितना समय पंजाब में ‘आप’ की सरकार रहेगी, भलाई योजनाएं जारी रहेंगी – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर और 1,000 रुपए मासिक सहायता, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त …