बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं और बच्चों को घर-घर पहुँचाया जा रहा है सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 11 सितंबर 2025: रावी नदी के किनारे बसे अजनाला क्षेत्र के 195 गांवों में बाढ़ आने के कारण आंगनवाड़ी केंद्र बंद हो गए थे। इसके चलते बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की गर्भवती और स्तनपान करवाने वाली माताओं के अलावा 6 महीने से 6 साल तक के बच्चों को सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन के तहत मीठा दलिया, नमकीन दलिया, खिचड़ी और मुरमुरा घर-घर जाकर उपलब्ध करवाया जा रहा है। अब तक अजनाला, चौगावां और बाबा बकाला ब्लॉकों के 78 गांवों में यह सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन वितरित किया जा चुका है और यह सप्लाई लगातार जारी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने बताया कि जिला प्रोग्राम अधिकारी श्रीमती सुमनदीप कौर के नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लाभार्थियों से संपर्क कर रही हैं और उन्हें जरूरत अनुसार स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवा रही हैं। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे बाढ़ का पानी घट रहा है, वैसे-वैसे जीवन को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशें तेज़ की जा रही हैं।
जिला प्रोग्राम अधिकारी सुमनदीप कौर ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 9596 लाभार्थी हैं, जिनसे हमारी टीमें लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और गर्भवती महिलाओं को सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों पर ध्यान केंद्रित करते हुए इन्हें राहत सामग्री पहुँचा रही हैं।

Check Also

हमारी सरकार की नीयत साफ है, हम जनता का पैसा जनता को ही लौटा रहे हैं: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

पहले केवल अमीरों के बच्चे डॉक्टर-इंजीनियर बनते थे, अब गरीब परिवारों के बच्चे भी बन …