कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ द्वारा गहरी मंडी और मल्लियां में 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 21 सितंबर 2025: कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ ने अपने हलके के प्रसिद्ध गांव गहरी मंडी के सौंदर्यीकरण और मल्लियां गांव में बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का नींव पत्थर रखा।
गहरी मंडी में विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जंडियाला हलके का यह गांव किसी पहचान का मोहताज नहीं है, लेकिन विकास के मामले में कई चीजों में पिछड़ गया था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने गहरी मंडी की ज़रूरतों के बारे में मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान से बात की, तो उन्होंने उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए करीब 6.67 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी।
उन्होंने बताया कि अब यहां एक सुंदर पार्क बनेगा जिसमें बास्केटबॉल और वॉलीबॉल का ग्राउंड, ओपन जिम, सैर के लिए ट्रैक, बैठने के लिए दो गज़ीबो, बाबा निहाल दास जी की याद में एक सुंदर गेट, पांच मुख्य गलियों और बाजार का अपग्रेडेशन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि रेलगाड़ियों की आवाजाही के चलते लगने वाले जाम को हमेशा के लिए दूर करने हेतु फ्लाईओवर का कार्य पहले ही शुरू किया जा चुका है। मंत्री ने कहा कि इन कार्यों के पूरे होने के बाद गहरी मंडी में रहना गर्व की बात बन जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एक मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें मरीजों की जांच करके उन्हें दवाइयां वितरित की गईं।
इसी दौरान, कैबिनेट मंत्री ने हलके के गांव मल्लियां में 34 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का नींव पत्थर भी रखा, जिसमें डॉक्टर रूम, डे केयर रूम, आउटरीच रूम, लैब रिकॉर्ड रूम, और वेलनेस रूम बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जो पुराना स्वास्थ्य केंद्र था वह पिछली सरकारों की अनदेखी के कारण खुद बीमार हो गया था और अब सरकार इसे अपग्रेड करने जा रही है, जिससे यह केंद्र गांव और आसपास के लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता के स्वास्थ्य के प्रति वचनबद्ध है और भविष्य में भी दिल लगाकर काम करते हुए इन सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस मौके पर चेयरमैन श्री शनाख सिंह, ब्लॉक प्रधान सवर्ण सिंह, और दोनों गांवों के सरपंच, पंच, एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Check Also

आध्यात्मिक जागृति की अविरल सरिता में सम्पन्न हुआ 79वाँ निरंकारी संत समागम

ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को जीवन में उतारना ही जागृति : निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी …