
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 03 अक्टूबर 2025: फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा का अमृतसर आगमन पर हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया। फिक्की फ्लो अमृतसर की अध्यक्ष मोना सिंह के नेतृत्व में संगठन की सदस्याओं ने फुलकारी और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत उपरांत पूनम शर्मा और मोना सिंह ने विश्वप्रसिद्ध श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेका और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की अरदास की। इस अवसर पर दोनों पदाधिकारियों ने समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए एसजीपीसी श्री हरमंदिर साहिब मैनेजर जसपाल सिंह, सहायक सचिव जसविंदर सिंह जस्सी, सूचना अधिकारी जतिंदरपाल सिंह को 10 व्हीलचेयर दान कीं।
पूनम शर्मा ने कहा कि “स्वर्ण मंदिर संपूर्ण मानवता के लिए शांति और आस्था का प्रतीक है। यहां मत्था टेकने का अवसर मिलना मेरे लिए ईश्वर का आशीर्वाद है।” उन्होंने अमृतसर के आध्यात्मिक वातावरण और लोगों की मेहमाननवाज़ी की सराहना की।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए पूनम शर्मा ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं—चाहे वह फिल्में हों, डिफेंस, कॉरपोरेट जगत या फैशन डिजाइनिंग। उन्होंने बताया कि भारतीय महिला फैशन डिजाइनरों के डिजाइन आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
फिक्की फ्लो अमृतसर की अध्यक्ष मोना सिंह ने कहा कि संगठन महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “आज महिलाएं लगभग हर उद्योग और क्षेत्र में कदम रख रही हैं। हमारा उद्देश्य है कि हम महिलाओं को उनके कौशल और जुनून के आधार पर आत्मनिर्भर और सफल उद्यमी बनने में मदद करें।”
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र