अमृतसर में सैन्य जवान समेत सात गिरफ्तार, 14 पिस्तौल और 20 किलो हेरोइन बरामद

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 27 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 14 अत्याधुनिक पिस्तौलों और 20.130 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक सैन्य जवान समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी में शामिल चार अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उदय (19) और पतरस (19), दोनों निवासी मस्तगढ़, तरनतारन; सैन्य जवान युद्धवीर सिंह (22), निवासी गांव रानीके; साजन सिंह (19) और साहिलप्रीत (20), दोनों निवासी नारायणगढ़; जर्मनजोत सिंह (20), निवासी गांव सियालका; तथा साहिबनूर सिंह (21), निवासी जुहार सिंह नगर, बटाला के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। यह हैंडलर संगठित नेटवर्क के माध्यम से आपराधिक तत्वों को आगे सप्लाई करने के लिए अवैध हथियारों की खेप भेजने में मदद कर रहा था। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस अभियान का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहले ऑपरेशन में थाना घरिंडा की टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उदय और पतरस को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे ड्रोन के माध्यम से भेजी गई 10 पिस्तौलों की खेप प्राप्त करने के बाद खेमकरण की ओर जा रहे थे। इस खेप में एक 9 एमएम और नौ .30 बोर पिस्तौल शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी इससे पहले भी हथियारों की कम से कम 20 से 25 खेप प्राप्त करके आगे सप्लाई कर चुके हैं।
आईजीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में सीआईए अमृतसर ग्रामीण और थाना घरिंडा के एसएचओ की संयुक्त टीम ने छुट्टी पर घर आए सैन्य जवान युद्धवीर सिंह को एक .30 बोर पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया।
उन्होंने आगे बताया कि आरोपी युद्धवीर सिंह को पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। सीमा पार से होने वाली तस्करी में उसकी संलिप्तता के संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है।
तीसरे ऑपरेशन का विवरण देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), अमृतसर ग्रामीण, कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की टीमों ने 20.130 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप के साथ साजन सिंह और साहिलप्रीत को गिरफ्तार किया।
चौथे ऑपरेशन में एसएसपी ने बताया कि प्रभारी स्पेशल सेल, अमृतसर ग्रामीण और थाना कथूनंगल के एसएचओ के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने दो पिस्तौलों के साथ जर्मनजोत सिंह और साहिबनूर सिंह को गिरफ्तार किया।
इस संबंध में कुल चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें पहला और दूसरा मामला 26.10.2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 458 और 459 के रूप में थाना घरिंडा में दर्ज किया गया है।
तीसरा मामला 27.10.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर नंबर 460 के रूप में थाना घरिंडा में दर्ज किया गया है।
चौथा मामला 23.10.2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 191 के रूप में थाना कथूनंगल में दर्ज किया गया है।

Check Also

आध्यात्मिक जागृति की अविरल सरिता में सम्पन्न हुआ 79वाँ निरंकारी संत समागम

ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को जीवन में उतारना ही जागृति : निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी …