कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने हलका जंडियाला के अंतर्गत आने वाले गांव बंडाला में विभिन्न विकास कार्यों का रखा नींव पत्थर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 23 अक्टूबर 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और गांववासियों को भी शहरों जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह विचार लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने हलका जंडियाला गुरु के अंतर्गत आने वाले गांव बंडाला में विभिन्न विकास कार्यों के सामूहिक उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किए।
कैबिनेट मंत्री ई.टी.ओ. ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि गांव बंडाला में 15 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे, जिनमें योगी सिद्ध पीर बाबा की दरगाह तक जाने वाली मुख्य सड़क का सौंदर्यीकरण, स्मारक द्वार, कम्युनिटी हॉल, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ गलियां-नालियां, पार्क और पुस्तकालय का निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि इन सभी विकास कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं और आने वाले 6 महीनों के भीतर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे गांव बंडाला की सूरत बदल जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि हम हलके में विकास के नाम पर ही वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने बंडाला हलके की कोई सुध नहीं ली और यह गांव विकास के मामले में उपेक्षित रहा। उन्होंने पिछली सरकारों को चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की सरकार द्वारा इस हलके में अब तक का सबसे अधिक विकास और ग्रांटें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी तो सिर्फ हवा में तीर चलाते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अपने हलके में कोई भी सरकारी स्कूल ऐसा नहीं छोड़ा जिसकी आवश्यकताएं पूरी न की गई हों। क्षेत्र में कई सड़कों को चौड़ा किया गया है और लिंक सड़कों की मरम्मत भी की गई है। उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यों के आधार पर जनता के दरबार में जाएंगे और भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री ई.टी.ओ. ने कहा कि श्री मान की सरकार जनता की भलाई के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमने जो भी विकास की गारंटियां दी थीं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है और अपने कार्यकाल के दौरान जनता की हर मांग को जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आम लोगों की सरकार है, न कि महलों में बैठकर शासन करने वालों की। उन्होंने बताया कि बाढ़ के दौरान हमारे सभी मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता स्वयं लोगों की मदद में जुटे रहे और सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई गई।
इस अवसर पर डॉ. गुरविंदर सिंह (चेयरमैन), मनप्रीत सिंह (सरपंच नई आबादी), निशान सिंह (सरपंच), अनोख सिंह (सरपंच धारड़), रणजीत सिंह (सरपंच सुखेवाल), गुरमुख सिंह (सरपंच सरजा), सरबजीत सिंह डिंपी (प्रधन, आम आदमी पार्टी शहरी) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Check Also

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव: नामांकन भरने के अंतिम दिन तक जिला परिषद के लिए कुल 114 और पंचायत समितियों के लिए 745 नामांकन दाखिल

5 दिसंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच, 6 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक …