पंजाब के कारोबार को मजबूती प्रदान करता है पाइटेक्स: डिप्टी कमिश्नर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 26 नवंबर 2025: पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा पंजाब सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा 19वां पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (पाइटेक्स) न सिर्फ पंजाब के व्यापारियों को मजबूती प्रदान करता है, बल्कि यह आयोजन पंजाब में पर्यटन को भी बढ़ावा देता है। इन विचारों का प्रकटावा अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक दौरान किया।
उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस साल भी पाइटेक्स मेला गुरु की नगरी में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मेला 4 दिसंबर से 8 दिसंबर 2025 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस पाइटेक्स में देश-विदेश से 500 कारोबारी हिस्सा लेंगे। डिप्टी कमिश्नर ने पाइटेक्स मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर विभाग अपना एक नोडल अधिकारी अवश्य नियुक्त करे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य खुशहाल पंजाब को फिर से रंगला पंजाब बनाना है, जिसके लिए उद्योग, पर्यटन और व्यापार का विकास बहुत आवश्यक है। अमृतसर केवल पंजाब के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों के लिए एक विशेष पर्यटन स्थल है। पिछले 18 वर्षों से पाइटेक्स में आने वाले विभिन्न देशों के व्यापारियों की बदौलत यह पाँच दिन का आयोजन अब सात समुंदर पार भी अपनी अलग पहचान बना चुका है।
इस बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्री रोहित गुप्ता, नगर निगम से डॉ. रमा, उद्योग विभाग से गुरइकबाल सिंह, जैदीप सिंह, हरदीप सिंह, श्री सुमित कुमार और विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

आध्यात्मिक जागृति की अविरल सरिता में सम्पन्न हुआ 79वाँ निरंकारी संत समागम

ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को जीवन में उतारना ही जागृति : निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी …