कहा, पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाबी होना चाहिए , केजरीवाल एंड कंपनी पंजाब छोड़े

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 16 जनवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और उनकी असफलताओं से पंजाब के लोग स्वयं निपट लेंगे, लेकिन अरविंद केजरीवाल को पंजाब के “सुपर सीएम” के रूप में पंजाब के लोग स्वीकार नहीं करेंगे।
आज भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और नशे के फैलाव को रोकने में असफल रही आम आदमी पार्टी सरकार से सवाल पूछने के लिए पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव किया।
इस मौके पर अपने संबोधन में सुनील जाखड़ ने कहा कि आज पार्टी पंजाब के कर्ता-धर्ता बने अरविंद केजरीवाल से मुख्यमंत्री कोटे की कोठी नंबर 50 खाली करवाने आई है, क्योंकि पंजाब के लोग चाहते हैं कि पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाबी हो। बाहर से आकर पंजाब पर शासन करना पंजाब के लोगों को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि हम तो आज भगवंत मान को उनका अधिकार वापस दिलाने आए थे, लेकिन उन्होंने पुलिस से पार्टी नेताओं को गिरफ्तार करवा कर अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज पंजाब में आम आदमी सुरक्षित नहीं है और गैंगस्टर राज कायम हो चुका है। लोगों के जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं है। विकास कार्य ठप पड़े हैं और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है।
अपने व्यंग्यात्मक अंदाज में जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि पंजाब के लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री चुना था, न कि अरविंद केजरीवाल को। उन्होंने कहा कि भाजपा आज मुख्यमंत्री भगवंत मान को यह एहसास दिलाने आई है कि वे इस सच्चाई को स्वीकार करें कि वही मुख्यमंत्री हैं और मुख्यमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पंजाब की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले तो चले जाएंगे, लेकिन पंजाब को जवाब भगवंत मान को ही देना पड़ेगा।
उन्होंने भगवंत मान को “पगड़ी संभालने” की सलाह देते हुए कहा कि वे पंजाब की इज्जत को दिल्ली वालों के पैरों तले न रौंदने दें। अपनी राजनीतिक टिप्पणी जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा तो केजरीवाल को पंजाब से बाहर करने में भगवंत मान की ही मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली के लोगों द्वारा सत्ता से बाहर किये अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे नेता पंजाब आए हैं, तब से राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार और अधिक गंभीर होती जा रही है।
सुनील जाखड़ ने कहा कि पिछले चार वर्षों से यह सरकार अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दे खड़े करती रही है, ताकि लोग सरकार से वास्तविक मुद्दों पर सवाल न पूछ सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि बेअदबी के मुद्दे पर पंजाब के लोगों ने दो सरकारें हटा दी थीं, और इस विषय पर भगवंत मान द्वारा किए गए वादों के बावजूद चार साल बीत जाने के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष तीन महीनों में नशे ख़त्म करने के दावे के साथ नशों के खिलाफ युद्ध शुरू किया गया था, लेकिन नशा लगातार बढ़ रहा है। अब सरकार ने इसका दूसरा चरण शुरू करके और पुलिस के प्रति अविश्वास जताकर इस मामले में अपनी असफलता को खुलेआम स्वीकार कर लिया है।
जाखड़ ने सवाल उठाया कि 55 करोड़ रुपये खर्च कर लगाए गए एंटी-ड्रोन सिस्टम की सफलता दर सरकार सार्वजनिक करे। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे में भ्रष्टाचार की बू आने की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसकी असफलता दर 99.70 प्रतिशत है और यह परियोजना पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह सरकारी धन के दुरुपयोग का हिसाब लिया जाएगा।
मीडिया पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज करने के बाद पंजाब केसरी समूह के खिलाफ की जा रही बदले की कार्रवाई, इस आप सरकार के अंत का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाएं भूल चुकी है और इस मुद्दे पर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल 17 जनवरी को पंजाब के राज्यपाल से मिलेगा।
सुनील जाखड़ ने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के लोग भी बड़ी उम्मीद के साथ पार्टी की ओर देख रहे हैं और पार्टी लोगों के दिलों में अपनी जगह बना रही है।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने भी संबोधित किया।
जगमीत सिंह बराड़ और चरणजीत सिंह बराड़ सहित कई नेता भाजपा में शामिल
आज पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़, पूर्व विधायक रिपजीत बराड़, पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी ओंकार सिंह तथा अकाली नेता चरणजीत सिंह बराड़ सहित कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और केंद्र सरकार के राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। सुनील जाखड़ ने इन नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बड़ा हो रहा है।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र