“आप” सरकार के कार्यकाल में असुरक्षित हुआ पंजाब: अश्वनी शर्मा

मान–केजरीवाल का कथित “मॉडल” गैंगस्टरों और धमाकों के सामने ढह गया

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 24 जनवरी 2026: भगवंत मान–अरविंद केजरीवाल का कथित “मॉडल” आज वास्तव में असुरक्षित पंजाब, कमजोर सुरक्षा व्यवस्थाओं और भय के माहौल का प्रतीक बन चुका है। यह आरोप पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास हुए आरडीएक्स धमाके को लेकर लगाया। इस घटना में मालगाड़ी के ड्राइवर के घायल होने और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचने से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अश्वनी शर्मा ने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से ठीक पहले हुआ यह धमाका सुरक्षा व्यवस्थाओं में लापरवाही और प्रशासन की विफलता को उजागर करता है। कानून-व्यवस्था कोई विज्ञापन अभियान नहीं, बल्कि सरकार का संवैधानिक कर्तव्य है, लेकिन मान सरकार इस कर्तव्य को निभाने में विफल रही है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टरवाद बेलगाम हो चुका है, नशों ने युवाओं को बर्बाद कर दिया है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इसके विपरीत सरकार ज़मीनी स्तर पर सख्त कदम उठाने के बजाय केवल विज्ञापनों और दावों तक सीमित है।
अश्वनी शर्मा ने भगवंत मान सरकार से तुरंत जवाबदेही तय करने, उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था को लेकर तुरंत कदम नहीं उठाए गए तो भाजपा इस मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी।

Check Also

आध्यात्मिक जागृति की अविरल सरिता में सम्पन्न हुआ 79वाँ निरंकारी संत समागम

ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को जीवन में उतारना ही जागृति : निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी …