कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 9 फरवरी 2026: पंजाब सरकार द्वारा सरकार-ए-खालसा के महान सेनापति सरदार शाम सिंह अटारीवाला के 180वें शहीदी दिवस को समर्पित 10 फरवरी को नरायणगढ़ (छेहरटा) और अटारी में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है।
इस राज्य स्तरीय समारोह के संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि अन्य विधायक एवं प्रमुख हस्तियां भी समारोह में भाग लेंगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 10 फरवरी को शहीदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे नरायणगढ़ (छेहरटा) स्थित जी.टी. रोड पर स्थापित सरदार शाम सिंह अटारीवाला की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके उपरांत 11:00 बजे अटारी में स्थित सरदार शाम सिंह अटारीवाला की समाधि पर विशेष धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अटारी में आयोजित धार्मिक समारोह के दौरान ढाडी जत्थों द्वारा सरदार शाम सिंह अटारीवाला के शौर्यपूर्ण और वीरतापूर्ण इतिहास से संगत को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार शाम सिंह अटारीवाला पंजाब के ऐसे महान योद्धा थे, जिनकी बहादुरी के गीत आज भी गाए जाते हैं।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने ज़िला निवासियों से अपील की कि वे पंजाब सरकार द्वारा सरदार शाम सिंह अटारीवाला के शहीदी दिवस को समर्पित 10 फरवरी को आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय समारोह में नरायणगढ़ (छेहरटा) तथा अटारी में स्थित उनकी समाधि पर पहुंचकर इस महान योद्धा को अपनी श्रद्धा और आस्था अर्पित करें।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
