
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 17 फरवरी 2026: विधानसभा क्षेत्र अमृतसर (दक्षिणी) के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने गांव सुल्तानविंड, वार्ड नंबर 37 के निवासियों के साथ बैठक कर वार्ड में चल रहे ढांचागत विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों से बातचीत करते हुए विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा क्षेत्र अमृतसर दक्षिणी के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसे विकास वर्ष के रूप में मनाते हुए हलके में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
डॉ. निज्जर ने कहा कि गुरु नगरी अमृतसर पूरी दुनिया में अपनी विशेष पहचान रखती है और विश्वभर से श्रद्धालु यहां अपनी आस्था प्रकट करने आते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जहां यहां के निवासियों की सभी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के प्रयास कर रही है, वहीं यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और नगर निगम की टीमें इस कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना अग्रणी योगदान दें।
विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस बजट में राज्य के विकास के लिए और अधिक धनराशि का प्रावधान किया जाएगा तथा जो विकास कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
बैठक के दौरान क्षेत्र के लोगों ने विधायक डॉ. निज्जर को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ वार्ड इंचार्ज एवं प्रगतिशील युवा नेता श्री हिम्मतजीत सिंह तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र