भगवंत मान सरकार द्वारा पंजाब ट्रेड कमिशन की शुरुआत: व्यापारियों के कार्यों को सुचारु बनाने के लिए अमृतसर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 18 फरवरी 2026: भगवंत मान सरकार ने राज्य के व्यापारी वर्ग को सशक्त बनाने तथा छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों के लिए व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से पंजाब ट्रेड कमीशन के गठन की घोषणा की है। यह पहल राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले लोगों के लिए शासन को अधिक सुलभ और जवाबदेह बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह जानकारी पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य श्री शीतल जुनेजा ने आज अमृतसर के टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक के दौरान दी। बैठक में जिले के व्यापारियों और कारोबारियों ने भाग लिया। श्री जुनेजा ने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि व्यापारियों को नियमित अनुमतियों, विभागीय क्लीयरेंस और दैनिक कारोबारी कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि वर्षों से छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को मामूली मुद्दों के लिए भी कई कार्यालयों के बीच भाग-दौड़ करनी पड़ती थी, लेकिन वर्तमान सरकार इस व्यवस्था को बदलने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
इस अवसर पर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि व्यापारी और छोटे व्यवसाय राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा पंजाब बनाना चाहती है जहां ईमानदार व्यापारी कागजी कार्रवाई, देरी और अनावश्यक परेशानियों में उलझने के बजाय अपने व्यवसाय के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर सकें। पंजाब ट्रेड कमीशन व्यापारियों के समय, मेहनत और धन की बचत के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा। यह समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए संगठित प्रणाली और स्पष्ट जवाबदेही सुनिश्चित करेगा।
विधानसभा क्षेत्र अमृतसर केंद्रीय के विधायक अजय गुप्ता ने कहा कि गुरु काल से ही अमृतसर का व्यापार विश्वभर में प्रसिद्ध रहा है। राज्य सरकार अमृतसर के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और व्यापार अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से अमृतसर एक बार फिर व्यापार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पश्चिम के विधायक जसबीर सिंह संधू ने कहा कि पंजाब ट्रेड कमीशन लोक सेवा, पारदर्शिता और व्यापार में सुगमता की भावना से कार्य करेगा। एक ही मंच के तहत व्यापारियों को सहायता, मार्गदर्शन और त्वरित समाधान उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि शासन उनके खिलाफ नहीं बल्कि उनके हित में कार्य करे।
इस अवसर पर नगर निगम अमृतसर के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया और नगर सुधार ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन कर्मजीत सिंह रिंटू ने भी बैठक में भाग लेते हुए आयोग को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु कार्ययोजना पर चर्चा की।
पीएसआईडीसी के चेयरमैन जसकरण बंदेशा ने पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन के गठन पर सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि अब व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
बैठक के दौरान विभिन्न व्यापार मंडलों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं आयोग और प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का अधिकारियों ने आश्वासन दिया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र