आईटीआई विद्यार्थियों को दी विशेष स्किल ट्रेनिंग


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 23 फरवरी 2026: तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, पंजाब के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत तथा सरकार की महत्वपूर्ण एवं जन-हितैषी पीएम सूर्य योजना के तहत राजकीय आईटीआई रंजीत एवेन्यू एवं दयानंद आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन एवं वायरमैन ट्रेड) के विद्यार्थियों द्वारा प्रशिक्षण सहयोगी शक्ति पावर सॉल्यूशन्स, अमृतसर के सहयोग से कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
यह सरकार की फ्लैगशिप योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी रूप से दक्ष एवं कुशल युवाओं को तैयार करना है, ताकि उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 150 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 115 विद्यार्थी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष विद्यार्थी प्रशिक्षणाधीन हैं।
कार्यक्रम की 6वीं बैच की सफल समाप्ति पर आयोजित समारोह के दौरान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्राचार्य इंजी. संजीव कुमार शर्मा द्वारा श्री बरिंदरजीत सिंह (प्रशिक्षण अधिकारी) एवं अन्य स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति में वितरित किए गए। कार्यक्रम के समन्वयक श्री कमलकांत एवं श्री सुखदेव सिंह (प्रशिक्षण अधिकारी) रहे तथा प्रशिक्षण श्री जुगराज सिंह, इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षक द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य इंजी. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख एवं आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी सरकार की विकासोन्मुख योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करता रहेगा।
शीघ्र ही नए प्रवेश प्रारंभ होने जा रहे हैं। प्रवेश संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु इच्छुक अभ्यर्थी प्राचार्य, राजकीय आईटीआई रंजीत एवेन्यू से संपर्क कर सकते हैं। इस सत्र में कई नए युग के पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए जाएंगे, जिनकी आने वाले समय में अत्यधिक मांग रहने की संभावना है।

Check Also

आध्यात्मिक जागृति की अविरल सरिता में सम्पन्न हुआ 79वाँ निरंकारी संत समागम

ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को जीवन में उतारना ही जागृति : निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी …