एस.आर. गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन में “हमारे बुजुर्ग हमारा मान” कार्यक्रम का आयोजन

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 23 फरवरी 2026: सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब सरकार के स्टेट एक्शन प्लान 2025-26 के अंतर्गत “हमारे बुजुर्ग हमारा मान” अभियान के तहत आज एस.आर. गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन के ऑडिटोरियम में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. किरणजीत बल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं के दादा-दादी एवं नाना-नानी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उप-प्राचार्या डॉ. सुनीला शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव, त्याग और मार्गदर्शन से ही परिवार एवं समाज की नींव मजबूत होती है। उन्होंने छात्राओं को बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें लोक नृत्य एवं समूह गीत विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कॉलेज प्रशासन की ओर से उपस्थित बुजुर्गों को सम्मान स्वरूप पौधे भेंट किए गए, जो प्रेम, आभार और हरियाली का प्रतीक हैं। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों ने कॉलेज स्टाफ एवं छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद किया तथा अपने जीवन अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना था। अंत में सभी ने इस सार्थक पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

Check Also

भक्ति केवल शब्दों से नही कर्मों में प्रकट हो: निरंकारी सतगुरु माता जी

जल की रक्षा, सृष्टि की सुरक्षा: निरंकारी मिशन का सेवा और समर्पण से सशक्त जल …