
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 27 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार पूरे राज्य के गांवों के विकास के लिए वचनबद्ध है और उनके बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य का कोई भी गांव या शहर विकास के मामले में अधूरा नहीं रहेगा।
इन शब्दों का प्रकटावा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु हलके के विभिन्न विकास प्रोजेक्टों के लिए लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों को मंजूरी प्रदान करते हुए किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और निवासियों को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
ई.टी.ओ. ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में आबादी गांव गोरेवाल में विभिन्न गलियों के निर्माण के लिए 40 लाख रुपये, बाबा बोरी शाह सिद्धू एवेन्यू के पीछे गलियों की मरम्मत के लिए 40 लाख रुपये, वार्ड नंबर 14 में ग्रेस पब्लिक स्कूल के पीछे गली और सीवरेज कार्य के लिए 25 लाख रुपये तथा गोना गुरु के घर के पास गली, सीवरेज और इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 55 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आबादी गांव गोरेवाल के श्मशान घाट के आधुनिकीकरण के लिए 25 लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई है।
कैबिनेट मंत्री ई.टी.ओ. ने कहा कि नगर काउंसिल द्वारा लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर ध्यान में रखते हुए ये प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे कर जनता को समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी जंडियाला गुरु के विकास के लिए इसी प्रकार की अन्य योजनाएं लाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां मुफ्त शिक्षा, मुफ्त बिजली, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं और मुफ्त यात्रा जैसी सुविधाएं लोगों को प्रदान की जा रही हैं।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र