केजरीवाल के बाइज्जत बरी होने से पार्टी में पड़ेगी नई जान

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 1 मार्च 2026: आम आदमी पार्टी के सूबाई मुख्य प्रवक्ता, विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब मामलों के प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री मनीष सिसोदिया से विशेष रूप से निजी मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने दिल्ली की एक अदालत द्वारा सीबीआई की ओर से दर्ज कथित बेबुनियाद मामले में बाइज्जत बरी किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए उन्हें बुके भेंट किया और “आप” पंजाब इकाई की ओर से बधाई दी।
उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा श्री केजरीवाल और श्री सिसोदिया की कट्टर ईमानदार राजनीति पर मुहर लगाए जाने से जहां पंजाब में मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के स्वच्छ प्रशासन, व्यापक विकास, रोजगार और जनसुविधा योजनाओं को मजबूती मिलेगी, वहीं पंजाब में नशों के खिलाफ युद्ध और गैंगस्टरों के विरुद्ध चल रहे ऑपरेशन को भी पहले से अधिक ताकत मिलेगी। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के सभी नेताओं और वॉलंटियरों में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा।
मुलाकात के उपरांत बातचीत के दौरान धालीवाल ने कहा कि अदालत द्वारा श्री केजरीवाल और श्री सिसोदिया को बाइज्जत बरी किए जाने से आम आदमी पार्टी की ईमानदार राजनीति को एक सुनियोजित साजिश के तहत राष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की कोशिश करने वाली विरोधी पार्टी भाजपा को करारा झटका लगा है।
उन्होंने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल की वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा की जा रही अनावश्यक टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि अदालत के इस सम्मानजनक और ऐतिहासिक फैसले से स्पष्ट है कि आगामी वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में संभावित हार को देखकर ये विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं।
धालीवाल ने सवाल उठाया कि यदि विभिन्न मुकदमों का सामना कर रहे अन्य दलों के वरिष्ठ नेताओं के पक्ष में अदालतें निर्णय देकर लोकसभा सदस्यता बहाल करें या अन्य मामलों में राहत दें तो वे फैसले मीठे और सत्य की जीत कहलाते हैं, लेकिन यदि “आप” नेतृत्व के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से बनाए गए केस रद्द कर दिए जाएं तो वही फैसले कड़वे क्यों लगते हैं?
उन्होंने श्री केजरीवाल और श्री सिसोदिया के पक्ष में आए इस फैसले को शुद्ध सोने की तरह सौ प्रतिशत खरा बताते हुए कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, पराजित नहीं किया जा सकता।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र