कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 1 मार्च 2026: झारखंड के घने जंगलों में रेडबर्ड एयरवेज के एयर एम्बुलेंस हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत के बाद देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अमृतसर से लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इस हादसे पर गहरा दुख और कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू को एक विस्तृत पत्र लिखकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल दागे हैं। औजला ने इस पूरी घटना को केवल एक हादसा नहीं, बल्कि विमानन नियामक संस्थाओं की गंभीर लापरवाही का नतीजा करार दिया है।
सांसद औजला ने अपने पत्र में खुलासा किया कि जो ‘बीचक्राफ्ट C90’ विमान हादसे का शिकार हुआ, वह लगभग 39 साल पुराना था और उसने 6,600 घंटों से अधिक की उड़ान भरी थी। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि इतनी पुरानी और तकनीकी रूप से पिछड़ चुकी मशीनरी को जीवन रक्षक एम्बुलेंस के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति कैसे दी गई। उन्होंने यह भी उजागर किया कि इस विमान में ‘ब्लैक बॉक्स’ (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) या ‘कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर’ तक नहीं था, जो किसी भी दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए अनिवार्य होता है। डीजीसीए के पुराने पड़ चुके नियमों के कारण इस विमान को बिना इन उपकरणों के उड़ान भरने की छूट मिली हुई थी, जिसके कारण अब इस त्रासदी की तह तक पहुंचना लगभग नामुमकिन हो गया है।
हादसे की भयावहता पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि रांची से दिल्ली जा रहे मरीज संजय कुमार के परिवार ने अपनी पूरी जमा-पूंजी और लाखों रुपये का कर्ज लेकर यह उम्मीद की थी कि वे अपनों की जान बचा पाएंगे, लेकिन सिस्टम की अनदेखी ने पूरे परिवार, एक समर्पित डॉक्टर और दो पायलटों समेत सात जिंदगियों को एक झटके में खत्म कर दिया। उन्होंने मंत्री से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि क्या भारत का विमानन सुरक्षा ढांचा लोगों की जान की कीमत पर “सस्ते और पुराने” कबाड़ विमानों को परिचालन की अनुमति देने के लिए बना है? औजला ने मंत्रालय से मांग की है कि अगले 30 दिनों के भीतर देश के पूरे एयर एम्बुलेंस बेड़े का व्यापक ऑडिट किया जाए और सुरक्षा मानकों में तत्काल संशोधन कर एक जवाबदेह कार्ययोजना पेश की जाए।
Check Also
माइंडस्पा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा अमृतसर वॉकाथॉन 2026 का आयोजन, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 1 मार्च 2026: माइंडस्पा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा वीआर अंबरसर में अमृतसर …
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
