पंजाब भाजपा ने खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के लिए हेल्पलाइन नंबर किया जारी

गृह मंत्री अमित शाह की रैली को लेकर सुनील जाखड़ ने कोर कमेटी की बैठक की

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 2 मार्च 2026: भारतीय जनता पार्टी ने ईरान–इज़राइल–अमेरिका संकट के मद्देनज़र खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। आज यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी की कोर कमेटी की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने यह जानकारी दी।
इस संबंध में और जानकारी देते हुए पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर 75085-60065 पर खाड़ी देशों में बिगड़े हालात के कारण फंसे पंजाबी या उनके यहां मौजूद पारिवारिक सदस्य संपर्क कर सकते हैं। पार्टी केंद्र सरकार की मदद से ऐसे लोगों तक हर प्रकार की सहायता पहुंचाने या उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पहले ही इन देशों में स्थित हमारे दूतावासों को निर्देश दिए हैं कि वहां रह रहे भारतीयों की हर तरह से मदद की जाए और उन्हें आवश्यक जानकारी, सूचना और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। सरकार इस संबंध में सभी उपयुक्त कदम उठाएगी।
दूसरी ओर, कांग्रेस पर बात करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक अदृश्य गठबंधन में हैं और कांग्रेस, आप की ‘बी टीम’ की तरह काम कर रही है। आज राज्य के लोग आप सरकार की नीतियों से बेहद दुखी हैं; राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे खराब स्तर पर है; नशे बेल की तरह फैल रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ मुंह खोलने की भी हिम्मत नहीं कर रहे।
उन्होंने कहा कि यहां तक कि बरनाला रैली में आए राहुल गांधी ने भी आप सरकार के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला, जबकि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते यह पार्टी का नैतिक दायित्व था कि वह जनता के मुद्दे उठाए।
इसी तरह, राहुल गांधी द्वारा सार्वजनिक रूप से पंजाब की नेतृत्व टीम को अपमानित किए जाने पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जो बात अंदर बैठकर समझाई जा सकती थी, उसके लिए अगर राहुल को रैली करनी पड़ी, तो यह प्रमाण है कि राहुल गांधी अब पार्टी पर अपना प्रभाव खो चुके हैं। खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताने वाले कांग्रेसी अब किस मुंह से जनता के बीच जाएंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत द्वारा किए गए किसी भी समझौते से पंजाब के किसानों पर कोई भी असर नहीं पड़ेगा।

Check Also

अमृतसर अदालत द्वारा हत्या मामले में दोषी को उम्रकैद की सज़ा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 2 मार्च 2026: सत्र न्यायाधीश अमृतसर की अदालत ने गुरदीप सिंह …