कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 2 मार्च 2026: पंजाब में सड़क सुरक्षा फोर्स (एस.एस.एफ.) के गठन के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार दर्ज किया गया है। हादसा स्थलों पर एस.एस.एफ. की त्वरित पहुंच, पीड़ितों को प्राथमिक सहायता और समय पर उपचार मिलने से राज्य में सड़क हादसों में मृत्यु दर में 48 प्रतिशत की कमी आई है।
कभी सड़क हादसों में मौतों के मामले में पंजाब का नाम देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। पीड़ितों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और समय पर इलाज उपलब्ध करवाने से अनमोल मानव जीवन बचाए जा रहे हैं।
इस व्यापक सुधार का उल्लेख करते हुए विधानसभा क्षेत्र अमृतसर दक्षिण के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि देश के अन्य राज्यों ने सड़क सुरक्षा फोर्स के इस मॉडल में रुचि दिखाई है। यहां तक कि प्रधानमंत्री ने भी हाल ही में ‘मन की बात’ में देश के लिए सड़क सुरक्षा का उल्लेख किया है।
विधायक डॉ. निज्जर ने कहा कि पंजाब में सड़क हादसों में मौतों की दर में 48 प्रतिशत कमी आने के कारण अन्य राज्यों ने इस मॉडल के प्रति दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने बताया कि कई राज्यों ने अपने-अपने राज्यों में जन सुरक्षा के इस अनूठे प्रयास को लागू करने के लिए पंजाब सरकार से संपर्क किया है।
डॉ. निज्जर ने जानकारी दी कि एस.एस.एफ. के विशेष रूप से प्रशिक्षित 1,597 कर्मचारी इस फोर्स की रीढ़ की हड्डी के रूप में कार्य कर रहे हैं और उन्हें नवीनतम तथा पूरी तरह सुसज्जित 144 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पिछले वर्ष फरवरी में इसकी शुरुआत के बाद से इस फोर्स के गठन से सड़क हादसों में होने वाली मौतों की दर में 48 प्रतिशत की कमी आई है। इसके अलावा, सड़क हादसों में घायल लोगों की कीमती वस्तुओं और धन की सुरक्षित वापसी भी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि यह फोर्स 4,200 किलोमीटर लंबे हाईवे पर तैनात की गई है, जहां ट्रैफिक दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। अपने निर्धारित क्षेत्रों में गश्त करने के साथ-साथ एस.एस.एफ. ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ एक मजबूत निवारक के रूप में भी कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने ऐसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण पंजाब पहले सड़क हादसों में मौतों के मामले में शीर्ष तीन राज्यों में शामिल था। अब हादसा पीड़ितों को अस्पतालों में तुरंत प्राथमिक उपचार और उचित इलाज मिल रहा है।
सड़क सुरक्षा फोर्स की सफलता के लिए विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जरने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और समूची पंजाब सरकार को बधाई दी।
Check Also
अमृतसर अदालत द्वारा हत्या मामले में दोषी को उम्रकैद की सज़ा
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 2 मार्च 2026: सत्र न्यायाधीश अमृतसर की अदालत ने गुरदीप सिंह …
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
