Breaking News

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का लाभ नागरिकों को, सिविल अस्पताल में घुटनों के सफल ऑपरेशन: डिप्टी कमिश्नर राहुल

स्वास्थ्य योजना के लिए मरीजों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का किया धन्यवाद

कल्याण केसरी न्यूज़, तरण तारन, 4 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य के प्रत्येक नागरिक की बेहतर सेहत और तंदुरुस्ती के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का जिला तरन तारन के निवासी भरपूर लाभ उठा रहे हैं। जिला तरन तारन के डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल की देखरेख में जहां मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों में बड़ी संख्या में बनाए जा रहे हैं, वहीं नागरिकों को इस कार्ड के माध्यम से अपना इलाज करवाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनवाने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस योजना के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्ड के माध्यम से जिले के नागरिक 10 लाख रुपये तक का इलाज बिल्कुल मुफ्त करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नागरिकों ने इस कार्ड का लाभ लेना शुरू कर दिया है और बीते दिनों सरकारी अस्पताल तरन तारन में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत घुटनों के सफल ऑपरेशन किए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. गुरप्रीत सिंह राय ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा लंबे समय से घुटनों की समस्या से पीड़ित मरीजों का सफल ऑपरेशन पूरी तरह मुफ्त किया गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन से पहले और बाद में स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मरीजों की विशेष देखभाल की गई।
डॉ. गुरप्रीत सिंह राय ने बताया कि विभाग की ओर से जहां मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन किया गया, वहीं उन्हें दवाइयां भी बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध करवाई गईं।
उल्लेखनीय है कि सिविल अस्पताल तरन तारन में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना कार्ड का लाभ लेते हुए जिले के 56 वर्षीय दरबारा सिंह और 63 वर्षीय निवासी दीदार सिंह ने अपने घुटनों का सफल ऑपरेशन करवाया।
ऑपरेशन के बाद बातचीत करते हुए दरबारा सिंह ने पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने गांव में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड बनवाया था। कार्ड बनवाने के बाद वे सरकारी अस्पताल तरन तारन में विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच करवाने पहुंचे। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने घुटनों का ऑपरेशन करवाया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना कार्ड के माध्यम से उनका सफल ऑपरेशन बिल्कुल मुफ्त हुआ और सभी दवाइयां भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुफ्त प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए वरदान है और हर व्यक्ति को यह कार्ड बनवाना चाहिए।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का लाभ लेने वाले दूसरे मरीज दीदार सिंह ने बताया कि उन्होंने भी अपने घुटनों का ऑपरेशन सरकारी अस्पताल तरन तारन में पूरी तरह मुफ्त करवाया। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये की लागत वाला ऑपरेशन मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से मुफ्त संभव हो सका।
दीदार सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस योजना के जरिए राज्य के नागरिक विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुफ्त इलाज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका ऑपरेशन और इलाज स्वास्थ्य विभाग द्वारा उच्च गुणवत्ता के साथ किया गया।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वरिंदर पाल कौर, सहायक सिविल सर्जन डॉ. जसप्रीत सिंह, सरकारी अस्पताल तरन तारन के एसएमओ डॉ. सुरिंदर कुमार, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आकाशदीप सिंह, जिला मास मीडिया अधिकारी सुखवंत सिंह सिद्धू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

धमतान साहिब में होला-मोहल्ला के पावन अवसर पर सिख युद्ध कला के मुक़ाबले आयोजित

हरियाणा गुरुद्वारा कमेटी ने संगतों के लिए दस्तारों का लंगर एवं निःशुल्क मेडिकल कैंप भी …