पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी ने हल्का पूर्वी के निवासियों के साथ मनाई फूलों और रंगों की होली


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 मार्च 2026: अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश बस्सी ने आज होली के पावन अवसर पर ‘हल्का पूर्वी’ के निवासियों के साथ खुशियाँ साझा कीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और युवाओं के साथ गुलाल खेलकर आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
मीडिया के साथियों से बातचीत करते हुए श्री बस्सी ने कहा, “सबसे पहले समस्त अमृतसर वासियों और देशवासियों को रंगों के इस महापर्व होली की लख-लख बधाइयाँ! आज का दिन खुशियों का है, रंगों का है और सबसे बढ़कर आपसी प्यार का है। राजनीति का असली मकसद भी यही है कि हम समाज से नफरत और भेदभाव की ‘होलिका’ जलाएं और तरक्की के रंगों से पंजाब के भविष्य को सँवारें।”
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि हल्का पूर्वी उनके लिए केवल एक चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने कहा, “मैं हर त्यौहार अपने हल्का पूर्वी के परिवारों के साथ ही मनाता हूँ। आज से नहीं, बल्कि पिछले तीस सालों से इन परिवारों के साथ मेरी सांझ है। आज के समय में बहुत जरूरी है कि हम त्यौहारों को अपनेपन के साथ मनाएं।”
इस शुभ अवसर पर बस्सी ने पंजाब के ज्वलंत मुद्दे पर बात करते हुए युवाओं से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को ‘नशे की दलदल’ से बचाने की सख्त जरूरत है। त्यौहारों की उमंग तभी सार्थक है जब हमारा युवा स्वस्थ और सुरक्षित हो। उन्होंने गुरु नगरी के युवाओं से त्यौहार की मर्यादा बनाए रखने, पानी की बचत करने और सुरक्षित तरीके से होली मनाने का आग्रह किया।
बस्सी ने अंत में ईश्वर से प्रार्थना की कि यह होली हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के गणमान्य व्यक्ति, युवा साथी और भारी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Check Also

स्पैशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दयो ने जालंधर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ की विशेष बैठक

इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का दौरा किया कल्याण केसरी न्यूज़, …