सरबत दा भला ट्रस्ट द्वारा अमृतसर में एक और लैब और डायग्नोस्टिक सेंटर स्थापित

डॉ. एस.पी. सिंह ओबरॉय ने किया उद्घाटन
ट्रस्ट की लैबोरेटरी से पिछले वर्ष 27 लाख से अधिक लोगों ने करवाए टेस्ट : डॉ. ओबरॉय

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 मार्च 2026: अपनी जेब से ही करोड़ों रुपये सेवा कार्यों पर खर्च करने वाले दुबई के प्रसिद्ध कारोबारी और सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख डॉ. एस.पी. सिंह ओबरॉय ने आज अमृतसर के ईस्ट मोहन नगर में भाई बंदी के सहयोग से महाराजा जस्सा सिंह रामगढ़िया हॉल में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित “सन्नी ओबरॉय क्लीनिकल लैब और डायग्नोस्टिक सेंटर” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पंजाब प्रधान सुखजिंदर सिंह हेर भी मौजूद थे।
भाई बंदी (रजि.) रामगढ़िया के बड़े सहयोग से खोली गई इस लैबोरेटरी के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. एस.पी. सिंह ओबरॉय ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा स्थापित इस बहुत ही कम खर्च वाली लैबोरेटरी से इस क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के कई गांवों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
डॉ. ओबरॉय ने बताया कि ट्रस्ट का लक्ष्य 200 लैबोरेटरी खोलने का है, और अब तक पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में 150 से अधिक लैबोरेटरी स्थापित की जा चुकी हैं। इन लैबों में पिछले वर्ष लगभग 27 लाख से अधिक लोगों ने केवल लागत दरों पर अपने टेस्ट करवाकर लाभ प्राप्त किया है।
डॉ. ओबरॉय ने भाई बंदी के प्रधान मनजीत सिंह सौंद और सचिव सुखविंदर सिंह घटोड़े तथा उनकी टीम द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की जरूरत के अनुसार बहुत जल्द ट्रस्ट द्वारा यहां एक आधुनिक डेंटल क्लीनिक और फिजियोथेरेपी सेंटर भी खोला जाएगा।
इस दौरान भाई बंदी, ऑल इंडिया जस्सा सिंह रामगढ़िया फेडरेशन, जस्सा सिंह रामगढ़िया फेडरेशन और बहन बंदी की ओर से डॉ. ओबरॉय और उनकी टीम को सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर ट्रस्ट के जिला जनरल सचिव मनप्रीत संधू, वित्त सचिव नवजीत सिंह घई, मनप्रीत सिंह कंबोज के अलावा प्रीतम सिंह कलसी, अमरदीप सिंह राजेवाल, नानक सिंह केसरी, अजीत सिंह भुल्लर, जरनैल सिंह भूई, जसविंदर सिंह जस्सी, शरणजीत सिंह, जसपाल सिंह पद्म, ज्ञान सिंह सग्गू, जसपाल सिंह, कुलवंत सिंह सहमी, संतोष सिंह कलसी आदि भी मौजूद थे।

Check Also

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से विभिन्न आदेश जारी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 6 मार्च 2026: अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमृतसर श्री रुपिंदर पाल सिंह …