डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों को हाफ मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का किया आह्वान

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 7 मार्च 2026: पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ पहल के तहत जिला प्रशासन द्वारा सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के विशेष अवसर पर 8 मार्च को ‘दौड़दा पंजाब-2’ तथा 17वीं सी.टी. हाफ मैराथन आयोजित की जा रही है।
डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने आज सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शाहपुर पहुंचकर प्रबंधों का का जायजा लिया और अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी, सहायक कमिश्नर (यू.टी.) मुकिलन आर, सी.टी. ग्रुप के वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह तथा अन्य भी मौजूद थे।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि हाफ मैराथन 21 किलोमीटर (ओपन), 5 किलोमीटर (ओपन) तथा 5 किलोमीटर (वेटरन) तीन श्रेणियों में होगी, जिसमें लगभग 10 हजार प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि इस प्रयास का उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना तथा लोगों को, विशेषकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि हाफ मैराथन में कई खिलाड़ी भाग लेंगे और लगभग 2 लाख रुपये तक की राशि के इनाम वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के विजेता को 25 हजार रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अवसर पर नशों के खिलाफ प्रण करवाने के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाने वाली 10 लड़कियों/महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी तथा सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए है ताकि प्रतिभागियों को कोई दिक्कत पेश न आए। उन्होंने जिला वासियों को ‘दौड़दा पंजाब-2’ तथा 17वीं सी.टी. हाफ मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि 5 किलोमीटर दौड़ सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शाहपुर से शुरू होकर सी.टी. वर्ल्ड स्कूल, रॉयल रेजिडेंसी से वापिस सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शाहपुर पर समाप्त होगी। जबकि 21 किलोमीटर हाफ मैराथन सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शाहपुर से शुरू होकर सी.टी. वर्ल्ड स्कूल, रॉयल रेजिडेंसी, जालंधर हाइट्स-2, जालंधर हाइट्स-1, क्यूरो मॉल, किडनी हॉस्पिटल, आइकॉनिक मॉल, चुनमुन मॉल से वापिस इसी रूट से होते हुए वापिस सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शाहपुर पर समाप्त होगी। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र