कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 14 मार्च 2026: सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पंजाब में बढ़ रही ड्रोन के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अमृतसर समेत पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आज गृह मंत्री पंजाब में हैं तो यह सुरक्षा का तोहफा पंजाब वासियों को जरूर देकर जायें।सांसद औजला ने कहा कि पंजाब बॉर्डर, खासकर अटारी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ड्रोन के माध्यम से नशे, हथियार और गोला-बारूद की तस्करी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को पहले भी कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है।सांसद औजला ने कहा कि बीएसएफ के 50 किलोमीटर के डिप्लॉयमेंट बेल्ट के भीतर ऐसी कई घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो रही है। ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की आसान पहुंच के कारण प्रदेश में अपहरण, फिरौती, गैंग गतिविधियों, हत्या और बम धमकियों जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सीमा के कुछ इलाकों में हाल ही में लगाई गई कंटीली तार (फेंसिंग) के कारण स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों और सुरक्षा एजेंसियों से सलाह लेकर कुछ स्थानों पर फेंसिंग की समीक्षा करने की जरूरत है।औजला ने कहा कि पंजाब के सीमावर्ती इलाके पिछले चार दशकों से आतंकवाद और नशे से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। अमृतसर, जो सिख धर्म की आध्यात्मिक राजधानी है और जहां श्री हरिमंदिर साहिब स्थित है, हमेशा से राष्ट्रीय सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति में रहा है।अंत में सांसद ने केंद्र सरकार से अपील की कि सीमा पर निगरानी को और मजबूत किया जाए, अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किए जाएं और सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पंजाब और देश की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
