Breaking News

अमृतसर में कांग्रेस का भाजपा दफ्तर के बाहर प्रदर्शन, इंडो-अमेरिका ट्रेड डील और एलपीजी संकट के खिलाफ गरजे ओम प्रकाश सोनी


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 14 मार्च 2026: अमृतसर के हलका सेंट्रल में पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी के हल्का सेंट्रल के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के सामने इंडो-अमेरिका ट्रेड डील, देश में बढ़ते एलपीजी संकट और केंद्र सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोनी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी की कमी के कारण लोगों को घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस संकट को हल करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि इंडो-अमेरिका ट्रेड डील जैसे फैसले भी देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और मजदूरों के हितों को नजरअंदाज करके लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां बनाने में लगी हुई है, जबकि आम लोगों की परेशानियों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
सोनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों, मजदूरों और आम जनता के हकों की आवाज बनकर खड़ी रही है और आने वाले समय में भी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द एलपीजी संकट का समाधान नहीं किया और जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर संघर्ष को और तेज करेगी।
इस दौरान सोनी ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पंजाब में हर रोज लूट-पाट, गोलीबारी और नशे से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आम आदमी पार्टी की सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार दोनों ही आम जनता की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम साबित हो रही हैं। आम आदमी पार्टी के 1000 रुपये वाले ऐलान पर उन्होंने कहा कि वोट हासिल करने के लिए महिलाओं से झूठे वादे किए गए हैं, क्योंकि अब तक पिछले चार वर्षों का लगभग 48,000 रुपये बकाया भी नहीं दिया गया।
इस मौके पर पूर्व प्रधान अश्वनी कुमार पप्पू, पूर्व डिप्टी मेयर यूनुस कुमार, अरुण कुमार पप्पल, महेश खन्ना, सुरिंदर शिंदा, सरबजीत लाटी, इकबाल शैरी, गुरदेव दारा, सुनील कौटी, सोनू पहलवान, मनजीत बॉबी, रमन बाबा, कमल कुमार तथा हलका सेंट्रल के कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Check Also

लोक निर्माण मंत्री ईटीओ ने विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु में संपर्क सड़कों के नवीनीकरण परियोजनाओं की शुरुआत की

मान सरकार ने इस बजट में सड़कों, पुलों और सार्वजनिक इमारतों के निर्माण, नवीनीकरण और …