मान सरकार ने इस बजट में सड़कों, पुलों और सार्वजनिक इमारतों के निर्माण, नवीनीकरण और रखरखाव के लिए पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना बजट रखा: हरभजन सिंह ईटीओ

कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु/अमृतसर, 14 मार्च 2026: राज्य के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु में विकास कार्यों की गति को और तेज करते हुए गांव छापा राम सिंह से किला जीवन सिंह को जाने वाली सड़क के अपग्रेडेशन कार्य का शिलान्यास किया गया। 1.75 किलोमीटर लंबी इस सड़क के नवीनीकरण पर 1.36 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके बाद उन्होंने हल्का जंडियाला गुरु के गांव दशमेश नगर से रसूलपुर कलां को जाने वाली 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क के अपग्रेडेशन कार्य का भी शिलान्यास किया, जिस पर पंजाब सरकार द्वारा 2.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
हल्के में इन विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में राज्य का अग्रणी हल्का बनाया जाएगा और इसके लिए अनुदानों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने इस वर्ष के बजट में पूरे राज्य में सड़कों और पुलों के बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा मौजूदा संपत्तियों के योजनाबद्ध रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए सड़कों, पुलों और सार्वजनिक इमारतों के निर्माण, नवीनीकरण और रखरखाव हेतु बजट बढ़ाकर 5,440 करोड़ रुपये कर दिया है, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 (बजट अनुमान) की तुलना में दोगुना है।
उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में 2,570 किलोमीटर लंबी प्लान सड़कों के अपग्रेडेशन और संपर्क (कनेक्टिविटी) में सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1500 करोड़ रुपये के शुरुआती खर्च का प्रस्ताव है, जिससे जिला और अंतर-जिला सड़क नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा, चल रहे 31 पुलों को पूरा करने और नए पुलों के निर्माण कार्यों के लिए 130 करोड़ रुपये आरक्षित रखे गए हैं।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-999) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग 500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के 290 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के तहत लगभग 400 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 400 किलोमीटर सड़कों को अपग्रेड करने का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही केंद्रीय सड़क और बुनियादी ढांचा फंड के तहत 100 किलोमीटर सड़कों के अपग्रेडेशन तथा 06 रेलवे अंडर ब्रिज/ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है, जिससे राज्यभर में सड़क संपर्क और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार के प्रयासों से राज्य में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क का निर्माण होगा।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र