अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी मिश्रा, आई.ए.एस. की अध्यक्षता में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2249 हुई

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 23 अक्टूबर 2026: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाताओं को सुविधाजनक चुनावी सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) के संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी मिश्रा, आई.ए.एस. की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा निर्धारित की गई है। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रस्तावित प्रक्रिया के बाद जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 2249 हो गई है, जबकि पहले यह संख्या 2240 थी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 11-अजनाला में मतदान केंद्रों की संख्या 206 से बढ़कर 208 हो गई है। इसी प्रकार 14-जंडियाला (अनुसूचित जाति) में यह संख्या 217 से बढ़कर 218, 15-अमृतसर उत्तरी में 215 से घटकर 204, 16-अमृतसर पश्चिमी (अनुसूचित जाति) में 231 से बढ़कर 241, 20-अटारी (अनुसूचित जाति) में 209 से बढ़कर 215 तथा 25-बाबा बकाला (अनुसूचित जाति) में 240 से बढ़कर 241 हो गई है।
विधानसभा क्षेत्र 12-राजा सांसी, 13-मजीठा, 17-अमृतसर केंद्रीय, 18-अमृतसर पूर्वी और 19-अमृतसर दक्षिणी में मतदान केंद्रों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि जिले में 9 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि 14 मतदान केंद्रों का विलय किया गया है। इसके अतिरिक्त, कुछ मतदान केंद्रों के भवनों में भी बदलाव किया गया है। विधानसभा क्षेत्र 12-राजा सांसी के 4, 16-अमृतसर पश्चिमी (अनुसूचित जाति) के 6 तथा 17-अमृतसर केंद्रीय के 5 मतदान केंद्रों के भवनों को मौजूदा भवनों की स्थिति और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बदला गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी ढंग से पूरी की जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करना और मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाए रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के महत्वपूर्ण आधार हैं।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदान केंद्रों के युक्तिकरण संबंधी सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गईं। किसी भी प्रतिनिधि ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं करवाई और सभी ने प्रस्तावित मतदान केंद्रों के प्रति अपनी सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार अमृतसर राजिंदर सिंह, कांग्रेस पार्टी अमृतसर देहाती से हरगुरिंदर सिंह गिल, भाजपा अमृतसर शहरी से विक्रम डंडोना, भाजपा अमृतसर देहाती से अनिल कुमार, आम आदमी पार्टी अमृतसर शहरी से सरबजीत सिंह, सी.पी.एम. से गौतम कुमार तथा बसपा अमृतसर शहरी से नत्था सिंह उपस्थित थे।

Check Also

आध्यात्मिक जागृति की अविरल सरिता में सम्पन्न हुआ 79वाँ निरंकारी संत समागम

ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को जीवन में उतारना ही जागृति : निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी …