अवैध पटाखे बनाने वालों को कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की सख्त चेतावनी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 02 नवंबर 2026: कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर के संज्ञान में आया है कि अन्नगढ़ इलाके में पहले भी कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम किया जाता रहा है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर अमृतसर श्री हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस ने ऐसे अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से पटाखे बनाना या बिना आवश्यक अनुमति के ऐसी गतिविधियां संचालित करना लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा है। ऐसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही या अवैध पटाखों के विस्फोट के कारण आग लगने अथवा किसी अन्य हादसे में जान-माल का नुकसान होता है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपने पूरे पुलिस तंत्र को सक्रिय कर ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक स्थानों, रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बिना कानूनी अनुमति के पटाखे बनाने वालों को ऐसी गतिविधियां तुरंत बंद करने के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर अमृतसर ने आम जनता से भी अपील की कि यदि उनके ध्यान में कहीं भी अवैध रूप से पटाखे बनाने या स्टोर करने संबंधी कोई जानकारी आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई करके किसी भी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।
उन्होंने दोहराया कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Check Also

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का हॉकी के प्रति प्रेम और उनका आत्मीय निमंत्रण मुझे जालंधर ले आया: डच हॉकी दिग्गज फ्लोरिस जेन बोवेलैंडर

पंजाब के बिना भारतीय हॉकी अधूरी: फ्लोरिस जेन बोवेलैंडरहॉकी को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में …