करियर काउंसलिंग पोर्टल को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए ब्लॉक करियर काउंसलरों की समीक्षा बैठक

पोर्टल विद्यार्थियों को करियर का सही चुनाव करने में मददगार साबित होगा : उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 6 नवंबर 2026: पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को करियर के चयन संबंधी आने वाली समस्याओं का समाधान करने तथा उन्हें भविष्य में बेहतर अवसरों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से एस.सी.ई.आर.टी. पंजाब द्वारा करियर काउंसलिंग पोर्टल तैयार किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजीव कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा), अमृतसर श्री हरजिंदर सिंह के कुशल नेतृत्व में एस.सी.ई.आर.टी. के मुख्य कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिले के सभी सरकारी हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के दो-दो अध्यापकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अध्यापकों को पोर्टल के उपयोग, विद्यार्थियों की लॉगिन प्रक्रिया तथा स्व-मूल्यांकन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत जिले के सरकारी स्कूलों में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पोर्टल से जोड़ने तथा उनके द्वारा स्व-मूल्यांकन करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पोर्टल के कामकाज को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के लिए उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजीव कुमार द्वारा आज सभी ब्लॉक करियर काउंसलरों की एक विशेष समीक्षा बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान पोर्टल के संचालन में स्कूल स्तर पर आ रही समस्याओं के बारे में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से भी अवगत करवाया गया।
इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन मिस विशालि ने ब्लॉक करियर काउंसलरों को विभिन्न स्कूलों द्वारा पोर्टल पर अपलोड किए गए डेटा की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने काउंसलरों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पोर्टल पर लॉगिन करवाने तथा उनका स्व-मूल्यांकन करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
इस अवसर पर जिला गाइडेंस काउंसलर श्री सुखपाल सिंह संधू ने एस.सी.ई.आर.टी. के डायरेक्टर द्वारा प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि यह पोर्टल विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार सही करियर चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यालय द्वारा इस संबंध में प्रगति रिपोर्ट मंगलवार तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान सभी सरकारी हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि वे करियर नोडल अध्यापकों के सहयोग से स्कूल के सभी अध्यापकों को पोर्टल के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर इस कार्य को पूरा करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि करियर काउंसलिंग पोर्टल विद्यार्थियों को अपने भविष्य की योजना बनाने, अपनी रुचियों को समझने तथा सही दिशा में करियर का चुनाव करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Check Also

त्योहारों के मद्देनज़र कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा तीनों जोनों में विशाल फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 6 नवंबर 2026: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में …