त्योहारों के मद्देनज़र कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा तीनों जोनों में विशाल फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 6 नवंबर 2026: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनज़र, श्री हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस, पुलिस कमिश्नर, अमृतसर के दिशा-निर्देशों के अनुसार कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शहर के तीनों जोनों में विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का संदेश देना था।
ग मार्च का नेतृत्व श्री जसकिरनजीत सिंह तेजा, डीसीपी सिटी, श्री रविंदर पाल सिंह संधू, डीसीपी कानून एवं व्यवस्था तथा श्री जगराज सिंह, डीसीपी ऑपरेशंस द्वारा किया गया।


इस दौरान हेरिटेज स्ट्रीट, हॉल गेट, रणजीत एवेन्यू सहित शहर के विभिन्न प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस के तीनों जोनों में विशेष नाकाबंदी एवं चेकिंग बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियों और पीसीआर टीमों को भी अधिक सक्रिय किया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त भी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।


इसी कड़ी में होटलों, गेस्ट हाउसों, सरायों और पीजी आदि की विशेष चेकिंग भी की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा इन स्थानों के चेक-इन एवं चेक-आउट रजिस्टरों की बारीकी से जांच की गई, ताकि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी का सत्यापन किया जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि त्योहारों के दौरान अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सड़कों या यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली जगहों पर वाहन पार्क न करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी को भी आवागमन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और पूर्ण अनुशासन के साथ मनाएं। यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो वह बिना किसी देरी के तुरंत पुलिस को सूचित करे।
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा आम जनता को आश्वस्त किया गया है कि त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहरवासियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

Check Also

ग्लोबल वार्मिंग विश्व के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है : संत बलबीर सिंह सीचेवाल

कहा: आने वाली पीढ़ियों के लिए साफ पानी और शुद्ध हवा छोड़कर जाना हमारी साझा …