150 से अधिक बुजुर्गों की विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई स्वास्थ्य जांच

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 11 नवंबर 2026: पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार सिविल सर्जन अमृतसर डॉ. भारती धवन के नेतृत्व में ‘हमारे बुजुर्ग हमारा मान’ कार्यक्रम के तहत सैटेलाइट अस्पताल सकत्तरी बाग में बुजुर्गों के लिए विशेष मेडिकल जांच कैंप लगाया गया। इस कैंप में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 150 से अधिक बुजुर्गों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम भगत और जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की और कैंप के दौरान बुजुर्गों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर गांव स्तर पर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन ने कहा कि जिले में बुजुर्गों की बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के लिए राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा बुजुर्गों की गैर-संचारी बीमारियों जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर और कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
इसके अलावा आंखों, कान, नाक एवं गले, हड्डियों, दांतों और स्त्री रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई। जरूरत के अनुसार मौके पर ही विभिन्न प्रकार के टेस्ट किए गए और बुजुर्गों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह, मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुमीतपाल सिंह, डॉ. शैलजा, डॉ. रविंदर कौर, डॉ. तरनदीप कौर, पलविंदर सिंह धम्मू सहित समस्त पैरामेडिकल स्टाफ और आशा वर्करों ने अपनी सेवाएं निभाईं।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र