1,200 बाइकर्स लेंगे हिस्सा, दशहरा ग्राउंड, रणजीत एवेन्यू से होगा रैली का फ्लैग ऑफ
कैबिनेट मंत्री और विधायक साहिबान हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 12 नवंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत 13 नवंबर को अमृतसर में ‘पंजाब अगेंस्ट ड्रग्स’ के बैनर तले एक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें जिला अमृतसर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 1,200 बाइकर्स हिस्सा लेंगे।
बाइक रैली की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को लामबंद करना है।
उन्होंने बताया कि रैली से पहले सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक जिले के नशों से प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद इन क्षेत्रों से सभी बाइकर्स दोपहर 2:30 बजे अमृतसर के दशहरा ग्राउंड में पहुंचेंगे, जहां से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाइक रैली को रवाना करने के लिए राज्य के कैबिनेट मंत्री और विधायक विशेष रूप से पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि बाइक रैली का फ्लैग ऑफ दशहरा ग्राउंड, रणजीत एवेन्यू, अमृतसर से किया जाएगा। यह रैली रणजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर ट्रिलियम मॉल, मजीठा रोड, संत सिंह सुखा सिंह चौक, नॉवेल्टी चौक, क्रिस्टल चौक, भंडारी पुल, अल्फा वन और तारांवाला पुल से यू-टर्न लेते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रियाल्टो चौक और कचहरी चौक से होकर वापस दशहरा ग्राउंड पहुंचेगी, जहां रैली का समापन होगा।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे इस बाइक रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और नशों के खिलाफ शुरू किए गए जागरूकता अभियान का हिस्सा बनकर समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान दें।
बैठक के दौरान एस.डी.एम. अमृतसर-2 श्री गुरमंदर सिंह, नशा मुक्ति मोर्चा के माझा जोन इंचार्ज श्री दीक्षित धवन, एडीसी ट्रैफिक श्रीमती अमनदीप कौर, नगर निगम अमृतसर के स्वास्थ्य अधिकारी श्री योगेश कुमार, एस.पी. अमृतसर देहाती श्री रामनदीप सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी आशीष इंदर सिंह तथा विभिन्न अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र