
जिला तरनतारन के गांव ‘लुहार’ के राजस्व क्षेत्र में उत्तर दिशा की ओर तथा गांव ‘जामाराय’ से लगभग डेढ़ मील पश्चिम दिशा में श्री गुरु नानक देव जी का पावन गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब, पठेविंड पुर स्थित है। श्री गुरु नानक देव जी के पूर्वज इस गांव पठेविंड पुर के निवासी थे। गुरु नानक देव जी के पिता मेहता कालू जी का जन्म भी इसी गांव में हुआ था और श्री गुरु नानक देव जी भी अपने पूर्वजों के गांव आए थे।
भाई काहन सिंह नाभा अपने महान कोश में लिखते हैं कि पहले इस गांव का नाम ‘पठेविंड’ था। श्री गुरु नानक देव जी के पिता मेहता कल्याण दास जी (मेहता कालू जी) इसी गांव के निवासी थे और राय-भोइ की तलवंडी में नौकरी मिलने के कारण वहां रहने लगे थे।
कहा जाता है कि राय भोइ, गांव जामाराय (जिला तरनतारन का गांव) का एक हिंदू जमींदार था, जिसे मुस्लिम धर्म अपनाने के बाद लोदियों ने काली बार में 40,000 एकड़ जमीन आवंटित की थी। इसी जमीन पर उसने तलवंडी राय भोइ बसाई थी। जमीन के बंदोबस्त के लिए वह अपने नजदीकी गांव पठेविंड (लुहार) से श्री गुरु नानक देव जी के दादा शिव राम जी को अपने साथ ले गया, जिन्होंने पूरे गांव की जमीन का प्रबंधन बहुत अच्छी तरह किया। आगे चलकर राय भोइ के पुत्र राय बुलार ने भी शिव राम जी के पुत्र मेहता कल्याण दास जी को जमीन के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी, जिसे वे पूरी लगन और निष्ठा से निभा रहे थे। इसी कारण दोनों परिवारों के बीच गहरी मित्रता और पारिवारिक संबंध स्थापित हो गए।

राय भोइ की तलवंडी में वर्ष 1469 में श्री गुरु नानक देव जी ने अवतार धारण किया। गुरु नानक देव जी के आगमन के बाद इस नगर का नाम तलवंडी राय भोइ से बदलकर ननकाना साहिब हो गया। नानक और ननकाना आध्यात्मिकता के प्रमुख केंद्र बन गए। वर्ष 1947 के विभाजन ने सिखों से उनका सबसे प्रिय केंद्रीय धार्मिक स्थान श्री ननकाना साहिब छीन लिया। आज भी प्रत्येक सिख प्रतिदिन अरदास में गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब सहित अन्य बिछड़े हुए गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की प्रार्थना करता है।
खैर, वापस श्री गुरु नानक देव जी के पूर्वजों के गांव पठेविंड पुर की बात करते हैं। गुरु काल के दौरान यह गांव उजड़ गया था और यहां केवल एक ऊंचा टीला तथा एक प्राचीन कुआं ही शेष रह गए थे। समय बीतने के बाद छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी श्री गुरु नानक देव जी के पूर्वजों के गांव पहुंचे। उन्होंने इस गांव में गुरु साहिब के पूर्वजों के घर की निशानदेही कर वहां धर्मशाला स्थापित की, जो बाद में गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब के नाम से प्रसिद्ध हुई। यहां एक प्राचीन कुआं भी आज मौजूद है, जिसके बारे में मान्यता है कि यह गुरु साहिब के पूर्वजों का था।
श्री गुरप्रताप सूरज प्रकाश ग्रंथ में भाई संतोख सिंह श्री गुरु नानक देव जी के पूर्वजों के गांव के बारे में लिखते हैं कि:
यह श्री नानक को इस्थाने,
पठेविंड पुर नाम कहंते।
खत्री बेदी बृध बसंते।
संग हुते बाले मरदाना,
श्री नानक आए इस्थाना।
गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब की वर्तमान इमारत की कार सेवा बाबा गुरमुख सिंह द्वारा वर्ष 1947 में शुरू की गई थी। वर्तमान समय में भी बाबा लखा सिंह कोटा वालों की ओर से कार सेवा जारी है। गुरुद्वारा साहिब का प्रबंधन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर के अधीन स्थानीय कमेटी द्वारा किया जा रहा है।
गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब, पठेविंड पुर (लुहार) के मुख्य सेवादार भाई निर्मल सिंह बताते हैं कि गुरुद्वारा साहिब में प्रत्येक वर्ष 1 कत्तक को श्री गुरु नानक देव जी के पिता मेहता कल्याण दास जी का जन्म दिवस संगतों द्वारा पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि दूर-दूर से संगतें इस पावन स्थान के दर्शन करने के लिए पहुंचती हैं।
भले ही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश राय-भोइ की तलवंडी (ननकाना साहिब) में हुआ था, लेकिन जिला तरनतारन का गांव पठेविंड पुर (लुहार) गुरु साहिब के पूर्वजों का पैतृक गांव होने के कारण अत्यंत विशेष महत्व रखता है। जिला तरनतारन जहां अपनी धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है, वहीं श्री गुरु नानक देव जी के पूर्वजों का पैतृक गांव भी इसी जिले में होना इसे और अधिक महत्वपूर्ण बनाता है।
- इंद्रजीत सिंह हरपुरा जिला लोक संपर्क अधिकारी, अमृतसर।
98155-77574

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र